कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा स्थित सराफा लाइन में पूजा-पाठ के जरिए सोना दोगुना करने का झांसा देकर कारोबारी से करीब 7 लाख रुपये के आभूषण ठगने के मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान 18 वर्षीय हसनैन नासिर अली ईरानी के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के जलगांव जिले के भुसावल का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया है। ठगी की रकम में उसके हिस्से आए 48 हजार रुपये में से 15 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

मामले में दूसरा आरोपी अब भी फरार है।

पुलिस के अनुसार, घटना 6 अक्टूबर की है। सराफा लाइन निवासी छोटे लाल सोनी की दुकान पर दो व्यक्ति पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने पूजा-पाठ के माध्यम से सोना दोगुना करने का दावा किया। कारोबारी उनके झांसे में आ गया। इसके बाद दुकान के सामने स्थित शक्ति मंदिर में पूजा-पाठ शुरू किया गया।

इसी दौरान आरोपियों ने कारोबारी की सोने की चेन, अंगूठी और लॉकेट अपने कब्जे में ले लिए और वहां से फरार हो गए। तीनों आभूषणों का कुल वजन 65.5 ग्राम था, जिनकी कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।

कारोबारी की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच के आधार पर पुलिस को महाराष्ट्र के भुसावल निवासी हसनैन नासिर अली ईरानी की पहचान करने में सफलता मिली।

पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को नोटिस तामील कराया।

पुलिस के मुताबिक, विवेचना में सहयोग नहीं करने और नोटिस की शर्तों का पालन नहीं करने पर उसे हिरासत में लेकर कवर्धा लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम में आरोपी के हिस्से 48 हजार रुपये आए थे। इसमें से खर्च करने के बाद बचे 15 हजार रुपये उसकी निशानदेही पर बरामद किए गए। पुलिस ने रकम जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।