कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के डिंगापुर स्थित दिव्यांग छात्रावास में बच्चों से निजी काम करवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रावास में रहकर पढ़ाई करने वाले दिव्यांग बच्चों से अधीक्षिका की निजी स्कूटी साफ कराई जाती थी। स्कूल यूनिफॉर्म में बच्चों द्वारा स्कूटी धोने के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद समाज कल्याण विभाग ने अधीक्षिका मीना सोनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

सोशल मीडिया पर सामने आए पहले वीडियो में एक दिव्यांग बच्चा स्कूटी धोता दिखाई दे रहा है। वहीं, दूसरे वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने दो बच्चे वाहन की सफाई करते नजर आ रहे हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि छात्रावास अधीक्षिका मीना सोनी बच्चों से नियमित रूप से अपना निजी वाहन साफ करवाती थीं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

डिंगापुर स्थित इस छात्रावास में करीब 50 दिव्यांग बच्चे आवासीय सुविधा के साथ शिक्षा ग्रहण करते हैं। ऐसे में बच्चों से कथित तौर पर निजी काम करवाए जाने का मामला सामने आने के बाद छात्रावास की व्यवस्था और वहां बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

अधीक्षिका को कारण बताओ नोटिस, जांच जारी

वीडियो वायरल होने के बाद समाज कल्याण विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षिका मीना सोनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे आरोपों के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

विभागीय अधिकारी हरीश सक्सेना के अनुसार, अधीक्षिका ने आरोपों को कर्मचारियों की साजिश बताया है। फिलहाल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच के निष्कर्ष और अधीक्षिका के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।