बिलासपुर… दूसरों की सफलता से अपने बच्चों की तुलना, आगे निकलने की होड़ और लगातार बढ़ता मानसिक तनाव हमारी सेहत पर भी भारी पड़ रहा है। जीवनशैली में आए बदलाव, शारीरिक श्रम में कमी और खानपान की बिगड़ती आदतों ने मधुमेह जैसी बीमारी को गंभीर सामाजिक चुनौती बना दिया है। भारत को दुनिया में डायबिटीज कैपिटल कहा जाना इसी भयावह स्थिति की ओर इशारा करता है। विश्व मधुमेह दिवस पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने यह चिंता जताते हुए कहा कि मधुमेह से बचाव का रास्ता हमारी अपनी दिनचर्या और जीवनशैली में छिपा है। हमें दूसरों से तुलना करने के बजाय अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देना होगा।

सिम्स में विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में कलेक्टर ने कहा कि भारत की बड़ी आबादी के साथ मधुमेह के मरीजों की संख्या भी लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। देश में करीब नौ करोड़ से अधिक लोग इस बीमारी से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि मधुमेह के पीछे आनुवंशिक कारण भी हो सकते हैं, लेकिन बदलती जीवनशैली, खानपान और दिनचर्या की इसमें बड़ी भूमिका है। आज लोगों का शारीरिक श्रम कम होता जा रहा है। सुविधाएं बढ़ी हैं, जीवन आसान हुआ है, लेकिन इस प्रक्रिया में लोग अपने शरीर और स्वास्थ्य की अनदेखी कर रहे हैं।

कलेक्टर ने बातचीत को केवल बीमारी और उसके आंकड़ों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि बढ़ते मानसिक तनाव के सामाजिक कारणों की ओर भी ध्यान खींचा। उन्होंने कहा कि आज परिवारों में बच्चों की तुलना दूसरों से करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। किसी का बेटा इंजीनियरिंग कॉलेज में पहुंच गया, कोई मेडिकल कॉलेज में पढ़ रहा है या किसी को बड़ा पद मिल गया, तो अभिभावक अपने बच्चों की तुलना उनसे करने लगते हैं। जबकि हर व्यक्ति की अपनी क्षमता और अपनी मंजिल होती है। हर व्यक्ति अपने स्थान पर महत्वपूर्ण है। ऐसी तुलना बच्चों और अभिभावकों दोनों पर अनावश्यक दबाव बनाती है। इससे हीनभावना और तनाव बढ़ता है, जिसका असर मानसिक ही नहीं, शारीरिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है।

उन्होंने कहा कि जिंदगी को दूसरों की उपलब्धियों के तराजू पर तौलने के बजाय अपनी क्षमताओं और बेहतर प्रयासों पर ध्यान देना चाहिए। किसी के पास क्या है, वह कितना आगे है, इसकी चिंता करने के बजाय हमारे पास जो है, उसे बेहतर बनाने की कोशिश करनी चाहिए। अनावश्यक प्रतिस्पर्धा और तुलना से पैदा होने वाला तनाव कई बीमारियों की वजह बन सकता है। मधुमेह भी ऐसी ही गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में शामिल है।

कलेक्टर ने बचाव के उपायों पर जोर देते हुए कहा कि नियमित योग, शारीरिक श्रम, संतुलित खानपान और तनाव से दूरी स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी है। आज लोग हर काम में शॉर्टकट तलाश रहे हैं। खानपान में भी आसानी और स्वाद को प्राथमिकता दी जा रही है। फास्ट फूड और अधिक शर्करा वाले खाद्य पदार्थों के सेवन पर नियंत्रण जरूरी है। प्राकृतिक और संतुलित आहार को दिनचर्या में जगह देनी होगी। शरीर को सक्रिय रखना और नियमित स्वास्थ्य जांच कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि विश्व मधुमेह दिवस को केवल एक आयोजन के रूप में नहीं, बल्कि जागरूकता दिवस के रूप में देखना चाहिए। मधुमेह की गंभीरता को समझते हुए लोगों को अपनी आदतों में बदलाव लाना होगा। यदि हम शारीरिक गतिविधियों को बढ़ाएं, खानपान पर नियंत्रण रखें और मानसिक तनाव से बचें तो इस बीमारी के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। भारत को डायबिटीज कैपिटल कहे जाने की पहचान बदलना है तो इसकी शुरुआत हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य की जिम्मेदारी लेने से करनी होगी।

इधर, विश्व मधुमेह दिवस पर विवेकानंद गार्डन में जनजागरूकता रैली निकाली गई। कलेक्टर एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला बिलासपुर के संरक्षक संजय अग्रवाल की मौजूदगी में आयोजित रैली में वरिष्ठ चिकित्सकों, गणमान्य नागरिकों और स्काउट्स एवं गाइड्स के रोवर्स-रेंजर्स ने हिस्सा लिया।