रायपुर।  छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव से भेंटकर शिक्षकों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सर्वोच्च न्यायालय के TET संबंधी निर्णय के परिप्रेक्ष्य में शीघ्र विशेष TET परीक्षा आयोजित करने, परीक्षा की तिथि, समय-सारणी एवं पाठ्यक्रम घोषित करने, शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने, लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण, VSK ऐप से वेतन कटौती, शनिवार को शाला संचालन तथा शिक्षकों के स्थानांतरण संबंधी प्रकरणों पर चर्चा हुई।

विशेष TET परीक्षा शीघ्र आयोजित करने पर सहमति

बैठक में कमल वर्मा ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 29 मई 2026 को TET के संबंध में संशोधित निर्णय दिए जाने के लगभग पांच महीने बाद भी शासन द्वारा परीक्षा आयोजित करने के संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

इसके कारण प्रदेश के बड़ी संख्या में शिक्षक असमंजस एवं मानसिक तनाव की स्थिति में हैं। उनकी पदोन्नति तथा भविष्य की सेवा संबंधी संभावनाएँ भी प्रभावित हो रही हैं।

फेडरेशन ने शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए विशेष TET परीक्षा शीघ्र आयोजित करने, परीक्षा की तिथि, समय-सारणी एवं पाठ्यक्रम तत्काल घोषित करने तथा परीक्षा किसी निजी एजेंसी के माध्यम से आयोजित कराने का अनुरोध किया।

परीक्षा के आयोजन के लिए केवल आवश्यक शुल्क निर्धारित किए जाने के संबंध में भी फेडरेशन ने अपनी सहमति से सचिव महोदय को अवगत कराया।

फेडरेशन ने शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अगस्त 2028 तक सभी शिक्षकों की सेवा सुरक्षित रखने की मांग भी रखी। चर्चा के दौरान विशेष TET परीक्षा के आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा परीक्षा की तिथि, समय-सारणी एवं पाठ्यक्रम शीघ्र घोषित करने पर सहमति बनी।

लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण हेतु ऑनलाइन व्यवस्था

प्रदेश में ‘न मांग, न जांच’ प्रमाण-पत्र के अभाव में लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण का मुद्दा भी उठाया गया। सचिव महोदय ने इस व्यवस्था में सुधार लाने तथा ऑनलाइन सॉफ्टवेयर विकसित करने के लिए विभाग द्वारा की जा रही पहल की जानकारी दी।

VSK ऐप से वेतन कटौती पर फेडरेशन ने जताया विरोध

VSK ऐप के माध्यम से की जा रही वेतन कटौती पर फेडरेशन ने विरोध दर्ज कराया। फेडरेशन की मांग पर वेतन कटौती का अधिकार संस्था प्रमुख को सौंपने पर सहमति व्यक्त की गई।

शनिवार को शाला संचालन पर शीघ्र दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन

बैठक में शनिवार को शाला संचालन के संबंध में भी चर्चा हुई। फेडरेशन ने इस विषय में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस पर सचिव महोदय ने शीघ्र दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।

शिक्षकों के स्थानांतरण प्रकरणों के लिए ऑनलाइन सिस्टम विकसित करने की पहल

बैठक में शिक्षकों के स्थानांतरण संबंधी आवेदनों पर विभाग द्वारा उचित निर्णय लिए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। फेडरेशन ने कहा कि शासन द्वारा अति संवेदनशील प्रकरणों में भी कार्रवाई नहीं होने से शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है।

इस पर स्कूल शिक्षा सचिव ने स्थानांतरण संबंधी आवेदनों के निराकरण के लिए ऑनलाइन सिस्टम विकसित करने हेतु विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही की विस्तृत जानकारी दी। फेडरेशन ने विभाग की इस पहल एवं दिए गए सुझावों का स्वागत किया।

फेडरेशन ने आशा व्यक्त की कि बैठक में हुई सकारात्मक चर्चा के अनुरूप शासन द्वारा शीघ्र आवश्यक निर्णय लेकर शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा तथा उनके हितों, सेवा सुरक्षा और भविष्य की संभावनाओं को संरक्षित किया जाएगा। मंत्रालय में चर्चा के दौरान चन्द्रशेखर तिवारी, राजेश चटर्जी, मनीष मिश्रा, पंकज पाण्डेय प्रदीप साहू, संतोष वर्मा, मनोज साहू अमित दुबे, देवेंद्र हरमुख आदि उपस्थित रहे।