बिलासपुर…कहीं चाकू लहराकर लोगों को डराने की कोशिश तो कहीं चापड़ दिखाकर राहगीरों में खौफ पैदा करने का मामला सामने आया है। चकरभाठा के सरवानी और कोटा के गनियारी में हुई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने धारदार हथियारों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से एक-एक हथियार जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

सरवानी में चाकू लहराकर लोगों को धमकाया

चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सरवानी के मुख्य मार्ग पर 8 अक्टूबर को लक्ष्मी प्रसाद साहू धारदार लोहे का चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। उसके कब्जे से चाकू जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

इंस्टाग्राम पर भी दिखा चुका चाकू

इधर, कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में 9 अक्टूबर को सूरज वर्मा उर्फ घोड़ा लोहे का धारदार चापड़ लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराता-धमकाता मिला। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने टीम गठित कर दबिश दी और आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से चापड़ जब्त कर लिया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, सूरज वर्मा पहले भी इंस्टाग्राम पर चाकू दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने और भय का माहौल बनाने की कोशिश कर चुका है। कोटा पुलिस की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिलीप साहू सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।

दोनों मामलों में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।