रायपुर। नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया आयोजनों में महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। गरबा पंडालों में छेड़छाड़ करने वालों, फब्तियां कसने वाले मनचलों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष ‘पिंक पेट्रोल यूनिट’ को मैदान में उतारा गया है। इस यूनिट की महिला पुलिसकर्मी गरबा ड्रेस में आम लोगों के बीच रहकर निगरानी करेंगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

नवरात्रि के दौरान राजधानी में कई स्थानों पर गरबा और डांडिया कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां शामिल होती हैं। ऐसे में उत्सव के माहौल में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पंडालों के भीतर और आसपास विशेष निगरानी की योजना बनाई है। इसके तहत महिला पुलिसकर्मी सादे कपड़ों और गरबा परिधानों में तैनात रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।

गरबा पंडालों में सादे कपड़ों में रहेगी पुलिस की नजर

पिंक पेट्रोल यूनिट की महिला पुलिसकर्मी गरबा पंडालों के भीतर, प्रवेश द्वारों और लोगों की आवाजाही वाले स्थानों पर मौजूद रहेंगी। छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणियां करने, महिलाओं को परेशान करने या अवांछित फोटो और वीडियो बनाने जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखी जाएगी। ऐसे मामलों में पुलिस मौके पर कार्रवाई करेगी।

पंडालों के आसपास के मार्गों पर भी पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त करेंगे। किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।

महिलाओं से निर्भीक होकर उत्सव मनाने की अपील

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं से अपील की है कि वे बिना किसी डर के गरबा और डांडिया उत्सव का आनंद लें। पुलिस ने कहा है कि किसी भी पंडाल या शहर के अन्य क्षेत्र में छेड़छाड़, संदिग्ध गतिविधि, दुर्घटना अथवा किसी अप्रिय घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना दें।

इसके लिए पिंक पेट्रोल हेल्पलाइन नंबर 9479210932 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और जरूरत के अनुसार त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।