LIVE UPDATE
Chhattisgarh

पंचायत सचिव निलंबित, मद्यपान कर ड्यूटी पर रहने के लगे गंभीर आरोप

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के जनपद पंचायत लखनपुर अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बेलखरिखा के सचिव कमल साय को कर्तव्यों के निर्वहन में घोर लापरवाही और कदाचार के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

यह कार्रवाई जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल द्वारा औचक निरीक्षण के दौरान की गई। इस निरीक्षण में सचिव कमल साय बिना किसी पूर्व सूचना के नदारद पाए गए, जिसके बाद मामले की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान पंचायत में विकास कार्यों की स्थिति अत्यंत निराशाजनक मिली। 15वें वित्त योजना के अंतर्गत स्वीकृत पुराने कार्य अब तक अधूरे पाए गए। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों ने भी सचिव की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए।

वित्तीय वर्ष 2024-25 में पंचायत के लिए 181 आवास स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से केवल 69 आवास ही पूर्ण हो सके हैं। यह आंकड़ा मात्र 38 प्रतिशत है, जो कि जिले के 68 प्रतिशत के औसत प्रदर्शन से काफी कम है।

इतना ही नहीं, इस दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सचिव की कार्यशैली को लेकर गंभीर शिकायतें भी दर्ज कराईं। ग्रामीणों ने बताया कि सचिव कमल साय अक्सर पंचायत भवन में मद्यपान कर ड्यूटी पर उपस्थित रहते हैं।

इन गंभीर आरोपों और आधिकारिक दायित्वों के प्रति उदासीनता को देखते हुए, मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल ने छ.ग. पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के नियम 03 (एक, दो एवं तीन) तथा नियम 22 का उल्लंघन मानते हुए सचिव को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जनपद पंचायत लखनपुर निर्धारित किया गया है।

Back to top button
close