रूट बदला, प्लान फेल: हाईवे पर पुलिस ने तोड़ी तस्करों की कमर.. नाकाबंदी में करोड़ों का गांजा जब्त
एक कार, करोड़ों का माल… और पुलिस का सटीक वार

बिलासपुर…जिले में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच रतनपुर पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता दर्ज की है। नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर 245 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपए आंकी गई है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मारुति अर्टिगा वाहन भी जब्त कर ली गई।
पुलिस कप्तान रजनेश सिंह के मुताबिक, यह कार्रवाई पुख्ता सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि कटघोरा की ओर से एक कार के जरिए भारी मात्रा में गांजा मरवाही होते हुए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। इनपुट मिलते ही रतनपुर पुलिस और ACCU टीम को सक्रिय किया गया और नेशनल हाईवे नवापारा चौक-भेड़ीमुंडा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया।
जांच के दौरान कार की तलाशी ली गई, जिसमें 245 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से आरोपी अमित कुमार केवट (33), निवासी भुतहीटोला, थाना बुढार, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। जब्त गांजा के साथ वाहन की कीमत जोड़कर कुल जप्ती लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपए से अधिक की आंकी गई है।
कप्तान रजनेश सिंह ने इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ पुलिस की लगातार सख्ती का हिस्सा बताते हुए कहा,
“बिलासपुर पुलिस ड्रग्स नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार इनपुट आधारित कार्रवाई कर रही है। हाईवे रूट पर विशेष नजर रखी जा रही है। इस तरह के मामलों में किसी भी स्तर पर ढील नहीं दी जाएगी और पूरे नेटवर्क को ट्रेस कर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।”
ऑपरेशन में रतनपुर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी सहित टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है, जिसमें गांजा सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।





