बिलासपुर….9 सितम्बर को बिलासपुर में आयोजित होने वाली “वोट चोर–गद्दी छोड़” सभा की तैयारी को लेकर कांग्रेस की विभिन्न इकाइयों की बैठकें कल 7 सितम्बर को होंगी। इस सभा का नेतृत्व कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट करेंगे। सभी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय सचिव एवं विधायक देवेन्द्र यादव भी मौजूद रहेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे कांग्रेस भवन में शहर महिला कांग्रेस कमेटी की बैठक होगी। दोपहर 1 बजे कांग्रेस भवन में पार्षद और पार्षद प्रत्याशियों की बैठक होगी। इसके बाद 2 बजे जिला पंचायत सदस्यों की बैठक और शाम 5 बजे युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई की बैठक आयोजित की जाएगी।

ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने बताया कि बेलतरा ब्लॉक अध्यक्ष के अस्वस्थ होने के कारण ग्रामीण क्षेत्र की जिम्मेदारी कार्यकारी अध्यक्ष अनिल यादव और शहरी क्षेत्र नगर निगम बेलतरा ब्लॉक की जिम्मेदारी कार्यकारी अध्यक्ष पार्षद मोहन श्रीवास निभा रहे हैं।

सभा की तैयारी को लेकर ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी और शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने बताया कि सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस सहित सभी अनुषांगिक संगठन, मोर्चा, विभाग, प्रकोष्ठ और सोशल मीडिया टीम सक्रिय रूप से ब्लॉक और मंडल स्तर पर लगातार बैठकें कर रही हैं। उनका कहना है कि बिलासपुर का चयन स्वयं माननीय सचिन पायलट ने किया है, इस कारण प्रदेश से लेकर जिला, शहर, ब्लॉक और पंचायत स्तर तक कांग्रेसजन पूरी तरह से जुटे हुए हैं।

विजय केशव वानी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा दिया गया नारा “वोट चोर–गद्दी छोड़” लोकतंत्र और संविधान को बचाने का संकल्प है। यह संदेश हर मतदाता और आम नागरिक तक पहुंचे, क्योंकि वोट चोरी अब साबित हकीकत है। फर्जी मतदाताओं के सहारे चुनाव जीतने का यह सिलसिला लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है। यही कारण है कि आज विपक्ष और बुद्धिजीवी वर्ग राहुल गांधी के साथ खड़ा है।

दोनों अध्यक्षों ने बताया कि “वोट चोर–गद्दी छोड़” सभा 9 सितम्बर को ग्रीन गार्डन पुराना मीना बाजार मैदान, मुंगेली नाका में आयोजित होगी। मंच निर्माण, मंच व्यवस्था और साउंड सिस्टम की जिम्मेदारी प्रदेश सचिव आशीष सिंह को सौंपी गई है। अपनी टीम के साथ स्थल पर लगातार काम में जुटे हुए हैं।

सभा को सफल बनाने के लिए ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष विजय पांडेय, विधायक अटल श्रीवास्तव, विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व विधायक श्रीमती रश्मि सिंह, पूर्व विधायक शैलेष पांडेय, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, पूर्व महापौर रामशरण यादव, पूर्व सभापति शेख नजीरुद्दीन, पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रमोद नायक, संयुक्त महामंत्री देवेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप, ऋषि पांडेय, समीर अहमद, अनिल शुक्ला और आँसू शर्मा सहित अनेक नेता सक्रिय श्रमदान कर रहे है।