बिलासपुर…जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा विस्तार हुआ है। 108 एम्बुलेंस सेवा में 16 नई एम्बुलेंस शामिल होने के साथ अब इमरजेंसी रिस्पॉन्स और तेज होगा और दूरस्थ इलाकों तक राहत की पहुंच बढ़ेगी। कलेक्टोरेट परिसर से इन एम्बुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, विधायक दिलीप लहरिया, विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। पूरे आयोजन में स्वास्थ्य व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संदेश साफ दिखा।

नई शामिल 16 एम्बुलेंस में 3 एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम से लैस हैं, जो चलते-फिरते ICU की तरह काम करेंगी। इनमें वेंटिलेटर, मॉनिटरिंग सिस्टम, ऑक्सीजन सपोर्ट, डिफिब्रिलेटर जैसे जीवनरक्षक उपकरण मौजूद हैं, जिससे गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही जरूरी इलाज मिल सकेगा।

इन एम्बुलेंसों की तैनाती जिले के अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों और प्रमुख स्थानों पर की गई है, ताकि हर क्षेत्र में तेजी से रिस्पॉन्स मिल सके। पीएचसी सकरी, सीपत, तोरवा, सीएचसी बिल्हा, मस्तुरी, तखतपुर, कोटा, रतनपुर, सिम्स, जिला अस्पताल और हाईकोर्ट सहित कई अहम लोकेशन को कवर किया गया है। इससे शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी आपातकालीन सेवाएं मजबूत होंगी।

कार्यक्रम में अमर अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सशक्त कर रही है और नई एम्बुलेंसों से समय पर इलाज मिलने से कई जिंदगियां बचाई जा सकेंगी। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि 108 सेवा पहले से सक्रिय है और अब नई एम्बुलेंस जुड़ने से रिस्पॉन्स टाइम में और कमी आएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि सभी एम्बुलेंसों में प्रशिक्षित इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन तैनात रहेंगे, जो मौके पर ही प्राथमिक उपचार देंगे और गंभीर मरीजों की स्थिति को स्थिर रखने में मदद करेंगे।