भोपाल। मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति को लेकर अब ऑनलाइन व्यवस्था लागू की जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की उपस्थिति एजुकेशन पोर्टल 3.0 के माध्यम से दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग का कहना है कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए बेहद जरूरी है और ऑनलाइन उपस्थिति के नियमित विश्लेषण से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए अतिरिक्त शैक्षणिक सहायता की योजना बनाई जा सकेगी।

28 जुलाई 2026 को जारी पत्र के अनुसार एजुकेशन पोर्टल 3.0 में Student Management के अंतर्गत Student Attendance ऑप्शन में जाकर विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी।

पोर्टल पर प्रत्येक कक्षा के विद्यार्थियों की सूची प्रदर्शित होगी। उपस्थिति दर्ज करने के लिए Present, Absent और On Leave तीन विकल्प उपलब्ध रहेंगे।

निर्देशों के मुताबिक सिस्टम में डिफॉल्ट रूप से सभी विद्यार्थियों को Present प्रदर्शित किया जाएगा। जो विद्यार्थी अनुपस्थित हैं अथवा अवकाश पर हैं, उनके नाम के सामने क्रमशः Absent या On Leave का विकल्प चुनकर उपस्थिति दर्ज करनी होगी।

इसके बाद डेटा को सेव किया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों की उपस्थिति एजुकेशन पोर्टल 3.0 में दर्ज हो जाएगी।

लोक शिक्षण संचालनालय ने यह भी कहा है कि प्रत्येक कक्षा के विद्यार्थियों की उपस्थिति अलग-अलग प्रोफाइल के माध्यम से दर्ज करने के बाद यह कार्य कक्षा शिक्षक द्वारा किया जा सकेगा। इसके लिए पोर्टल में सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।

विभाग ने ऑनलाइन उपस्थिति को केवल हाजिरी दर्ज करने तक सीमित नहीं रखा है। निर्देशों में कहा गया है कि विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति का नियमित विश्लेषण किया जाए। लगातार या कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं एवं आवश्यक शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराने की योजना तैयार की जाए।

वहीं, लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के प्रयास भी किए जाएं।

इस व्यवस्था से स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध होगा और विभागीय स्तर पर उपस्थिति की निगरानी एवं विश्लेषण आसान होने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि नई ऑनलाइन व्यवस्था स्कूलों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने और पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने में कितनी प्रभावी साबित होती है।