केशकाल। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) केशकाल ने शाला प्रवेश उत्सव में ड्यूटी के दौरान बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने वाले 13 भृत्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी संबंधित कर्मचारियों को दो दिनों के भीतर उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

बीईओ कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, 25 जून को हाई स्कूल सालेभाट में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया था।

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए संबंधित भृत्यों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन वे बिना किसी पूर्व सूचना के कार्यक्रम से अनुपस्थित पाए गए।

नोटिस में कहा गया है कि ड्यूटी से बिना अनुमति अनुपस्थित रहना शासकीय दायित्वों की उपेक्षा एवं अनुशासनहीनता का परिचायक है। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के प्रावधानों का उल्लंघन माना गया है।

बीईओ ने सभी संबंधित भृत्यों को पत्र प्राप्ति के दो दिनों के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय में जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया अथवा स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो जुलाई माह का वेतन रोकने तथा नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उच्च कार्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।