अंबिकापुर। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ ने विद्युत कंपनी प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए गुरुवार को क्षेत्रीय मुख्यालय अंबिकापुर में मुख्य अभियंता के माध्यम से चेयरमैन के नाम ज्ञापन सौंपा। महासंघ ने मांगें पूरी नहीं होने पर 10 जुलाई को आक्रोश प्रदर्शन तथा 17 अगस्त से अनिश्चितकालीन कामबंद आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।

महासंघ ने बताया कि यह आंदोलन के दूसरे चरण का कार्यक्रम है। इससे पहले 1 जुलाई को रायपुर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रीय कार्यालय में कार्यपालक निदेशक को चेयरमैन के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। इसी क्रम में अंबिकापुर क्षेत्रीय मुख्यालय में भी ज्ञापन देकर कर्मचारियों की लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।

ज्ञापन में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण, नियमित भर्ती, रिस्ट्रक्चरिंग, पदोन्नति, अंतरिम राहत, आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन का सीधे उनके बैंक खातों में भुगतान तथा नियमित भर्ती में आउटसोर्स कर्मचारियों को प्राथमिकता देने सहित अन्य कर्मचारी हितैषी मांगें शामिल हैं।

महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष तेज प्रताप सिन्हा, कोषाध्यक्ष कोमल देवांगन, उपाध्यक्ष दौलतराम चौहान, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद शुक्ला, सचिव अभिषेक बोहिदार सहित विमलेंद्र साहू, सचिन देव टोप्पो, अजय तिवारी, संजू कुमार कर, विरेंद्र शांडिल्य, अजय कश्यप, आर.पी. पटेल, विनोद कुशवाहा, कुर्शो यादव, दीपक यादव, धनुकधारी मिंज, योगेंद्र राजवाड़े, प्रहलाद नायक एवं अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपा।

महासंघ ने कहा कि यदि प्रबंधन ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 10 जुलाई को प्रदेशभर में विशाल आक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर 17 अगस्त 2026 से अनिश्चितकालीन कामबंद आंदोलन शुरू किया जाएगा।