सड़क ही नहीं, कनेक्टिविटी अपग्रेड: 11 किमी मार्ग पर 85 करोड़ का बूस्ट
इंफ्रास्ट्रक्चर को बूस्ट: 84.89 करोड़ से सड़क और पुल-पुलियों का काम

बिलासपुर… कोटा-लोरमी-पंडरिया राज्य मार्ग के उन्नयन और मजबूतीकरण के लिए राज्य शासन ने 84 करोड़ 89 लाख 35 हजार रुपए की स्वीकृति दी है। इस राशि से केंद्रीय सड़क निधि CRIF के तहत पुल-पुलियों का निर्माण किया जाएगा और 11 किलोमीटर सड़क का व्यापक उन्नयन किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय आवागमन को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय ने प्रमुख अभियंता को प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है। स्वीकृति के साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई तय की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग ने कार्य को तय समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया है। प्रमुख अभियंता को निर्देश दिए गए हैं कि निविदा प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो और निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुसार मितव्ययिता के साथ किया जाए। साथ ही निर्माण एजेंसी को अनुबंधित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना होगा। बिना ठोस और अपरिहार्य कारणों के समय-सीमा में वृद्धि नहीं दी जाएगी, जिससे परियोजना की गति बनी रहे।




