ललितपुर/उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में शनिवार को शादी की रस्म में शामिल होकर घर लौट रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर ट्राली पलटने से एक महिला की मौत हो गयी जबकि सात अन्य घायल हो गये।
पुलिस ने बताया कि ग्राम रायपुर निवासी चंदा अहिरवार (32) जमालपुर गांव स्थित अपने मायके शादी समारोह में शामिल होने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली से गई हुई थी।

शादी समारोह की रस्म निपटा कर परिवार समेत घर वापिस लौट रही थी कि ग्राम कल्याणपुरा नहर रोड पर ट्रैक्टर ट्रॉली खेत में पलट गई।

इस हादसे में घायल लोगों को स्थानीय ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखौरा पहुंचाया, जहां चंदा अहिरवार की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के उपरान्त ललितपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया मगर अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गयी।

घायल सरोज,अनीता, सुखवाती , भागो , रामस्वरूप , लखन लाल व जगदीश को उपचार के लिये चिकित्सालय में भर्ती कर लिया गया है।