रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखना शुरू हो गया है। प्रदेश के कई इलाकों में आज फिर झमाझम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद बारिश में कमी आने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों में रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभागों के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई। वहीं बिलासपुर का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई है। गोबरा नवापारा और राजिम में 14-14 सेंटीमीटर, आरंग में 13 सेंटीमीटर, पाटन, मंदिर हसौद, गुंडरदेही, बालोद और मोहला में 11-11 सेंटीमीटर, बलौदा बाजार और खड़गांव में 10-10 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा धमतरी, पल्लारी, डौंडी, औंधी, भखारा, पखांजूर और गुरुर में 9-9 सेंटीमीटर, जबकि रायपुर शहर, भिलाई, महासमुंद और अंतागढ़ समेत कई जगहों पर 8 सेंटीमीटर बारिश हुई।

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ मध्यम वर्षा की संभावना है। इन क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, महासमुंद, बलौदा बाजार, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।

राजधानी रायपुर में आज आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा। बादल गरजने-चमकने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

इस दौरान न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.