MCB District Murder News/मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: सोशल मीडिया का जुनून और आपसी शक किस कदर जानलेवा साबित हो सकता है, इसका एक खौफनाक उदाहरण छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में देखने को मिला है। यहाँ खड़गवां विकासखंड के ग्राम लकड़ापारा में एक पति ने इंस्टाग्राम मैसेज को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने कानून की आँखों में धूल झोंकने के लिए हत्या को आत्महत्या का रूप देने की भी कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी पोल खोल दी।

इंस्टाग्राम मैसेज को लेकर था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लकड़ापारा निवासी देवनारायण अपनी पत्नी रवीना के इंस्टाग्राम के उपयोग और उस पर आने वाले मैसेज से नाराज था। आरोपी का आरोप था कि रवीना किसी अनजान व्यक्ति से लगातार बातचीत करती थी। देवनारायण ने उसे कई बार सोशल मीडिया से दूर रहने की समझाइश दी थी, लेकिन रवीना की सक्रियता कम नहीं हुई। घटना के दिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

धक्का लगा और गई जान, फिर रचा ‘सुसाइड’ का ड्रामा

विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आपा खो चुके देवनारायण ने रवीना को जोर से धक्का दे दिया। इस धक्के से रवीना असंतुलित होकर पास रखी एक लकड़ी की चारपाई से जा टकराई। चोट इतनी गंभीर थी कि उसके सिर की हड्डी टूट गई और वह मौके पर ही अचेत हो गई। रवीना के नाक से खून बहने लगा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

पत्नी को मृत देख आरोपी पति घबरा गया। पकड़े जाने के डर से उसने एक साजिश रची। उसने शव को गमछे का फंदा बनाकर पंखे से लटका दिया ताकि गांव वालों और पुलिस को यह लगे कि रवीना ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। इसके बाद वह चुपचाप वहां से निकल गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की सख्ती ने खोला राज

शुरुआत में परिजनों ने इसे आत्महत्या ही समझा था, लेकिन मौके पर पहुंची खड़गवां पुलिस को कुछ संदिग्ध निशान मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसकी रिपोर्ट ने मामले का रुख मोड़ दिया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि रवीना की मौत दम घुटने (फांसी) से नहीं, बल्कि सिर में लगी अंदरूनी गंभीर चोट के कारण हुई थी।

रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर पति देवनारायण को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की। पुलिस की सख्ती के आगे आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

खड़गवां पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।MCB District Murder News