बिलासपुर…समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर सरकार के दावों की असलियत उस वक्त सामने आ गई, जब बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के किसान धान की बोरियां लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए। इस विरोध को निर्णायक स्वर तब मिला, जब बिलासपुर जिला कांग्रेस ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष विजय केसरवानी खुद कंधे पर धान की बोरी उठाकर किसानों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। यह दृश्य केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि किसानों के साथ खड़े होकर पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने का प्रत्यक्ष संदेश था।

टोकन कटता है, किसान भटकता है

कलेक्टर कार्यालय में सौंपे गए ज्ञापन के दौरान विजय केसरवानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित बिलासपुर जिले में धान खरीदी समितियों के माध्यम से की जा रही है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि किसान टोकन कटने के बाद भी अपनी फसल नहीं बेच पा रहा। किसान सुबह से शाम तक समितियों में इंतजार करता है और शाम होते-होते यह कहकर लौटा दिया जाता है कि आज की खरीदी सीमा पूरी हो चुकी है। दूसरे दिन फिर वही प्रक्रिया, वही लाइन और वही निराशा किसानों की नियति बन चुकी है।

दावे और ज़मीन के बीच गहरी खाई

विजय केसरवानी ने कहा कि शासन सुविधाओं की बात करता है, लेकिन समितियों में न तो समय पर खरीदी हो रही है और न ही किसानों को कोई राहत मिल रही है। किसान अपने खेत का काम छोड़कर दूर-दराज से समिति पहुंचता है, परिवहन पर भारी खर्च करता है और पूरा दिन धान बिकने की उम्मीद में बैठा रहता है। अंत में खाली हाथ लौटना पड़ता है, जिससे न सिर्फ आर्थिक नुकसान होता है बल्कि किसानों का आत्मसम्मान भी आहत होता है।

आंकड़ों ने खोली धान खरीदी व्यवस्था की पोल

विजय केसरवानी ने जिला प्रशासन के सामने धान खरीदी से जुड़े ठोस आंकड़े रखकर व्यवस्था की सच्चाई उजागर की। उन्होंने बताया कि बेलतरा सोसाइटी में 50 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य तय है, लेकिन अब तक केवल 28 हजार क्विंटल धान ही खरीदा गया है। जबकि प्रतिदिन औसतन मात्र 1000 क्विंटल की खरीदी हो रही है। सलका में 40 हजार क्विंटल के लक्ष्य के मुकाबले सिर्फ 24 हजार क्विंटल धान खरीदा गया है और रोजाना की गति 871 क्विंटल है। कर्रा में 56 हजार क्विंटल के लक्ष्य के सामने अब तक केवल 25 हजार क्विंटल की खरीदी हो सकी है,।जहां प्रतिदिन 898 क्विंटल धान उठाया जा रहा है। सेलर में 44 हजार क्विंटल के लक्ष्य के विरुद्ध सिर्फ 24 हजार क्विंटल खरीदी हुई है। उरतुम  में 36 हजार क्विंटल के लक्ष्य के मुकाबले 21 हजार क्विंटल ही धान खरीदा गया है। और रोजाना की खरीदी मात्र 800 क्विंटल है।

 अकलतरी और बाबू में 40 हजार क्विंटल के लक्ष्य के बावजूद प्रतिदिन केवल 1200 क्विंटल की खरीदी हो रही है। भाडी में 37 हजार क्विंटल के लक्ष्य के सामने स्थिति और गंभीर है, जहां प्रतिदिन सिर्फ 701 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। कर्मा में 60 हजार क्विंटल के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 32 हजार क्विंटल की खरीदी हुई है। जबकि लेखराम में 70 हजार क्विंटल के लक्ष्य के सामने केवल 40 हजार क्विंटल धान खरीदा गया है। पोन्सरा में 40 हजार क्विंटल के लक्ष्य के विरुद्ध 26 हजार क्विंटल की खरीदी ही हो सकी है। इन आंकड़ों से साफ है कि मौजूदा गति से लक्ष्य पूरा होना लगभग असंभव है।

सरकार की मंशा पर उठे गंभीर सवाल

इन आंकड़ों के आधार पर विजय केसरवानी ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में किसानों से पूरा धान खरीदना चाहती, तो खरीदी की रफ्तार इतनी धीमी नहीं होती। उन्होंने कहा कि स्थिति यह संकेत देती है कि शासन आंतरिक रूप से किसानों से धान खरीदने के प्रति गंभीर नहीं है। टोकन जारी कर किसानों को समितियों के चक्कर कटवाना सीधा-सीधा किसानों के साथ अन्याय है।

सीधी चेतावनी: बढ़ाओ लिमिट, नहीं तो आंदोलन

विजय केसरवानी ने जिला प्रशासन से मांग की कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की सभी समितियों की धान खरीदी सीमा तत्काल बढ़ाई जाए और टोकन के आधार पर उसी दिन धान खरीदी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो किसान मजबूर होकर कलेक्ट्रेट घेराव और उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।