बेलतरा से कोटा तक ‘माफियाराज’— अवैध उत्खनन से बीहड़ बनते गांव—विजय ने कहा..माफियाओं के सामने बेबस हुआ सिस्टम?”
“रेत-मुरूम की लूट पर बड़ा सवाल—आख़िर किसके संरक्षण में फल-फूल रहा माफियाराज?”

बिलासपुर… जिले में रेत और मुरूम के अवैध उत्खनन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और बेलतरा से विधायक प्रत्याशी रहे विजय केशरवानी ने खनिज माफियाओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बेलतरा से कोटा विधानसभा क्षेत्र तक अवैध उत्खनन के चलते ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बनने का आरोप लगाया है।
विजय केशरवानी ने कहा कि रेत और मुरूम की बेतहाशा खुदाई से न केवल शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि पर्यावरण और सरकारी जमीनों को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है। उनके अनुसार, कई स्थानों पर अवैध उत्खनन के कारण जमीनें बीहड़ जैसी स्थिति में तब्दील हो गई हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो किसी भी क्षेत्र में बड़ा हादसा हो सकता है।
उन्होंने प्रशासन से सीधे सवाल करते हुए पूछा कि अवैध उत्खनन पर रोक लगाने में देरी क्यों हो रही है और आखिर किनके संरक्षण में यह गतिविधियां संचालित हो रही हैं। उनका कहना है कि सरकारी तंत्र की मौजूदगी के बावजूद इस तरह की गतिविधियों का जारी रहना गंभीर चिंता का विषय है और इसमें शामिल लोगों को बेनकाब किया जाना चाहिए।
मुद्दे को लेकर सियासत भी गर्माती नजर आ रही है। विजय केशरवानी ने आरोप लगाया कि अवैध खनन को लेकर सत्ताधारी दल के भीतर भी असहमति सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के जिलाध्यक्ष द्वारा उठाए गए सवाल इस बात का संकेत हैं कि व्यवस्था को लेकर अंदरूनी स्तर पर भी असंतोष है। ऐसे में यह स्पष्ट करने की जरूरत है कि जिले में खनिज माफियाओं को आखिर किसका संरक्षण मिल रहा है।
इस बीच अवैध उत्खनन से जुड़े एक हालिया हादसे ने भी चिंता बढ़ा दी है। रतनपुर क्षेत्र में गुरुवार को हुई घटना में एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है। इस घटना के बाद अवैध खनन गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर सवाल और तेज हो गए हैं।
विजय केशरवानी ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल प्रभाव से अवैध उत्खनन पर रोक लगाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि आगे किसी बड़े नुकसान से बचा जा सके। अन्यथा हम सड़क पर उतरने को मजबूर है





