बिलासपुर…सड़क पर लापरवाही और नशे में ड्राइविंग को लेकर बिलासपुर पुलिस ने अब सीधी और व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर में 1186 ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई है जो शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए। इन सभी मामलों को न्यायालय भेजने के साथ ही चालकों के लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को प्रतिवेदन भी भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई सिर्फ चालान तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क हादसों की जड़ तक पहुंचने की कोशिश का हिस्सा है। यातायात पुलिस लगातार दुर्घटनाओं का विश्लेषण कर रही है, जिसमें कई अहम पैटर्न सामने आए हैं। आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे और फिर शाम 4 बजे से रात 9 बजे के बीच सड़क हादसों की संख्या सबसे ज्यादा रहती है। यही वह समय है जब ट्रैफिक का दबाव और लापरवाही दोनों चरम पर होते हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि सड़क दुर्घटनाओं में शामिल अधिकतर वाहन चालक 17 से 35 वर्ष आयु वर्ग के हैं। तेज गति, नशे की हालत में ड्राइविंग, गलत ओवरटेकिंग और अचानक लेन बदलना हादसों के प्रमुख कारण बनकर उभरे हैं। खास बात यह है कि कई मामलों में वाहन चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं पाया गया।

पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर रणनीति को बहुस्तरीय बनाया है। जहां एक ओर सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर इंजीनियरिंग सुधार, ट्रैफिक सिग्नल, भारी वाहनों का डायवर्सन और एकांगी मार्गों के उपयोग जैसे उपाय भी लागू किए जा रहे हैं। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर संकेतक और सड़क चिन्ह भी लगाए गए हैं, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।

जागरूकता को भी इस अभियान का अहम हिस्सा बनाया गया है। स्कूल, कॉलेज, औद्योगिक संस्थानों और बाजार क्षेत्रों में लगातार कार्यक्रम चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज के जरिए नियम तोड़ने वालों पर नजर रखकर कार्रवाई की जा रही है।

सड़क हादसों में घायल लोगों को समय पर इलाज मिल सके, इसके लिए इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत किया गया है। गोल्डन ऑवर में इलाज सुनिश्चित करने के लिए जिले के स्वास्थ्य केंद्रों को योजना से जोड़ा गया है, जहां निर्धारित शर्तों के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध है।

पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सड़क पर लापरवाही अब महंगी पड़ेगी। नियमों का पालन ही सुरक्षा की गारंटी है, और इसके लिए कार्रवाई के साथ जागरूकता दोनों मोर्चों पर काम जारी रहेगा।