LIVE UPDATE
Bilaspur

मोबाइल स्टैंड से उड़ाया फोन, पुलिस ने खोली पूरी चेन: चोर और खरीदार दोनों गिरफ्तार

पुलिस की त्वरित कार्रवाई—एक चोरी से खुला 5 मोबाइल का खेल, तकनीकी ट्रैकिंग से पहुंचे आरोपियों तक

बिलासपुर…सड़क किनारे खड़ी बाइक से मोबाइल पार करने वाला आरोपी ज्यादा देर तक बच नहीं सका। तारबाहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न सिर्फ मुख्य आरोपी को पकड़ा, बल्कि चोरी के मोबाइल खरीदने वाले तक पूरी कड़ी पहुंचकर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में कुल 5 मोबाइल बरामद किए गए हैं।

मामले की शुरुआत तब हुई जब प्रार्थी योगेश कुमार साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि रामापोर्ट के पीछे सामान देने के दौरान बाइक में लगे मोबाइल स्टैंड से फोन गायब हो गया। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है, जब वह कुछ मिनट के लिए बाइक छोड़कर गया और लौटने पर मोबाइल गायब मिला।

मामला दर्ज होते ही पुलिस ने तकनीकी आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान एक संदिग्ध तक पहुंच बनाई गई, जिसने पूछताछ में अपना नाम सिकंदर अली बताया। उससे चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ, साथ ही उसने चार अन्य मोबाइल चोरी करने की बात भी कबूल की।

पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए मोबाइल कन्हैया ठाकुर को बेचे गए थे। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भी पकड़ा और उसके कब्जे से चार अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल जब्त किए।

पूरे घटनाक्रम में एक छोटी चोरी ने मोबाइल चोरी की पूरी चेन को उजागर कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close