बिलासपुर । कापी  किताब , यूनीफार्म और दूसरे सामानों के लिए प्राइवेट स्कूल अब मनमानी नहीं कर सकेंगे और उनकी मोनोपल्ली नहीं चलेगी ।  बिलासपुर जिले में निजी स्कूलों की मनमानी और एकाधिकारी प्रवृत्ति पर लगाम कसने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने एक सख्त आदेश जारी किया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जारी इस आदेश के बाद, अब कोई भी निजी स्कूल अभिभावकों को किसी विशेष दुकान से कॉपी-किताबें, यूनिफॉर्म या अन्य सामग्री खरीदने के लिए बाध्य नहीं कर सकेगा।

इस सिलसिले में जारी एक आदेश से पता चलता है कि  प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि निजी स्कूलों के संचालकों द्वारा छात्रों और अभिभावकों को निर्धारित दुकानों से ही यूनिफॉर्म, जूते, टाई, किताबें और कॉपियां खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा था। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के अभिभावकों को भारी आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा, दुकानदार अभिभावकों को पूरा सेट खरीदने के लिए बाध्य करते थे, जिसमें डिक्शनरी, एटलस, आर्ट/क्राफ्ट बुक, ड्रॉइंग बुक, क्रेयॉन्स और वाटर कलर्स जैसी गैर-जरूरी और महंगी सामग्री भी शामिल कर दी जाती थी।

इस जन-असंतोष और एकाधिकार को खत्म करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निर्देश जारी  किए हैं । जिसके मुताबिक विद्यार्थियों को कहीं से भी सामग्री खरीदने की छूट होगी । स्कूल प्रबंधन अभिभावकों को संपूर्ण यूनिफॉर्म, कॉपियां और किताबें किसी विशेष स्कूल, संस्था या दुकान से खरीदने के लिए बाध्य नहीं कर सकता।

स्कूल मेनेजमेंट को किताबों की सूची सार्वजनिक करनी होगी । सभी स्कूलों को परीक्षा परिणाम जारी होने से पहले ही अनिवार्य पुस्तकों की सूची अपनी वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी और स्कूल के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करनी होगी। प्रवेश और परिणाम के समय अभिभावकों को भी यह सूची देनी होगी। किताबें खरीदने के लिए 15 जून तक का समय तय किया या है। स्कूल या प्राचार्य परीक्षा परिणाम से पूर्व या परिणाम के तुरंत बाद किताबें खरीदने का दबाव नहीं बना सकते। अभिभावक पुस्तकों की उपलब्धता के आधार पर 15 जून  तक किताबें खरीद सकेंगे।

अब केवल अधिकृत पाठ्यक्रम लागू होगा । स्कूलों को अपने संबंधित बोर्ड (CBSE/ICSE/CGBSE आदि) द्वारा निर्धारित अधिकृत एजेंसियों (जैसे NCERT, SCERT, पाठ्य पुस्तक निगम) द्वारा प्रकाशित पुस्तकें ही पढ़ानी होंगी। इसके अतिरिक्त निजी प्रकाशकों की पुस्तकों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। नैतिक शिक्षा, सामान्य ज्ञान और कंप्यूटर जैसे विषयों के लिए भी निजी प्रकाशकों की किताबें खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।

पूरा सेट खरीदने की बाध्यता खत्म कर दी गई है । विक्रेता पाठ्यक्रम से बाहर की अनावश्यक सामग्री सेट में नहीं जोड़ सकेंगे और न ही किसी को पूरा सेट खरीदने के लिए मजबूर कर सकेंगे। ब्रांडिंग पर भी रोक लगाई गई है। किसी भी बैग, पुस्तक या कॉपी पर, या उन पर चढ़ने वाले कवर पर विद्यालय का नाम मुद्रित (Print) नहीं किया जाएगा।

यूनिफॉर्म के लिए  नियम बनाए गए हैं । जिसके मताबिक कोई भी स्कूल दो से अधिक प्रकार की यूनिफॉर्म निर्धारित नहीं करेगा (ब्लेजर/स्वेटर इसके अतिरिक्त होंगे)। यूनिफॉर्म इस तरह तय की जाएगी कि कम से कम 3 साल तक उसमें कोई बदलाव न हो। बदलाव की स्थिति में अभिभावकों को 6 महीने पहले सूचित करना अनिवार्य होगा।

अब मान्यता कोड प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा । सभी स्कूलों को अपने गेट या सूचना पटल पर स्कूल का मान्यता कोड और संबद्धता (CBSE/ICSE आदि) का विवरण अनिवार्य रूप से लिखना होगा।साथ ही फीस विनियमन का पालनकरना होगा । विद्यालयों को छत्तीसगढ़ अशासकीय विद्यालय फीस विनियमन 2020 के निर्देशों का कड़ाई से पालन करना होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी  यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी निजी स्कूल इन आदेशों की अवहेलना करता है, तो इसके लिए स्कूल के प्राचार्य और संचालक स्वयं जिम्मेदार होंगे। सभी स्कूलों को इन निर्देशों को अपने नोटिस बोर्ड पर लगाना होगा और प्रबंधन की पहली बैठक में इस पर विस्तार से चर्चा करनी होगी।