बिलासपुर…शहर के बीचों-बीच अवैध शराब की सप्लाई का खेल तारबाहर पुलिस ने मौके पर ही तोड़ दिया। व्यापार विहार क्षेत्र में एक व्यक्ति थैले में भरकर देशी शराब लेकर घूम रहा था, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया। कार्रवाई में 42 नग देशी प्लेन शराब जब्त की गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से बिक्री के लिए शराब लेकर निकल रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने होटल आनंदा इम्पेरियल के सामने घेराबंदी की और संदिग्ध को रोककर जांच की। तलाशी में उसके थैले से 180-180 एमएल के 42 पव्वे बरामद हुए।

पकड़े गए आरोपी की पहचान अमन यादव उर्फ चांद खान के रूप में हुई है। तारबाहर क्षेत्र का रहने वाला है। मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई जिले में चल रहे अवैध शराब के खिलाफ अभियान का हिस्सा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तारबाहर थाना की टीम लगातार ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए है और इनपुट मिलते ही सीधे कार्रवाई कर रही है।