Latest travel advisory-भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है. पाक की हरकत का भारत मुंहतोड़ जवाब दे रहा है. पड़ोसी मुल्क की तरफ से जम्मू कश्मीर, पंजाब और राजस्थान में मिसाइल हमले किए गए जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया. हालात को देखते हुए नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) ने देशभर के सभी एयरपोर्ट्स पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं, वहीं अकासा एयर ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है जिसमें सभी यात्रियों से 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने के लिए कहा गया है.

Latest travel advisory-अकासा एयर लाइन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें कहा गया है ‘भारत भर के सभी हवाई अड्डों पर सुरक्षा उपायों में वृद्धि के कारण, हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आप प्रस्थान से कम से कम 3 घंटे पहले हवाई अड्डे पर पहुंचें, ताकि चेक-इन और बोर्डिंग में किसी तरह की देरी न हो’.

इसके आगे एडवाइजरी में कहा गया है ‘कृपया सुनिश्चित करें कि आप हवाई अड्डे में प्रवेश के लिए वैध सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त फोटो पहचान दस्तावेज साथ लेकर चलें. आपके चेक-इन बैगेज के अलावा, केवल 7 किलोग्राम तक वजन वाले एक हैंडबैग की अनुमति होगी. नियामक दिशानिर्देशों के अनुसार सभी यात्रियों को बोर्डिंग से पहले दोहरी सुरक्षा जांच से गुजरना होगा, जो अब अनिवार्य कर दिया गया है. समय की बचत के लिए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वो akasaaair.com या मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन चेक-इन करें.’

वहीं एयर इंडिया ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है. सोशल मीडिया पर एयर इंडिया ने एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा ‘हवाई अड्डों पर सुरक्षा उपायों को बढ़ाने के संबंध में नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) के आदेश के मद्देनजर, भारत भर के यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे सुचारू चेक-इन और बोर्डिंग सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित प्रस्थान से कम से कम 3 घंटे पहले अपने संबंधित हवाई अड्डों पर पहुंचें. प्रस्थान से 75 मिनट पहले चेक-इन बंद हो जाता है’.

इसके पहले भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए BCAS ने देश भर के सभी एयरलाइनों और हवाई अड्डों को तत्काल प्रभाव से सुरक्षा उपायों को बढ़ाने के सख्त निर्देश जारी किए. जिसके तहत सभी हवाई अड्डों पर सभी यात्रियों की सेकेंडरी लैडर पॉइंट चेकिंग (SLPC) की जाएगी. टर्मिनल बिल्डिंग में आगंतुकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. तदनुसार एयर मार्शल की तैनाती की जाएगी.