बिलासपुर….लंबे समय से प्रतीक्षित कोनी -सेंदरी-मोपका बायपास सड़क परियोजना को आखिरकार प्रशासनिक गति मिल गई है। राज्य शासन ने 75 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 13.40 किलोमीटर लंबी फोरलेन सीमेंट कंक्रीट सड़क की निविदा को मंजूरी दे दी है।

यह सड़क परियोजना शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के साथ-साथ कोनी, सेंदरी, मोपका और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। फोरलेन सड़क बनने से भारी वाहनों और स्थानीय यातायात को बेहतर विकल्प मिलेगा, जिससे शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य तय समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और सभी तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी और गुणवत्ता परीक्षण के निर्देश भी दिए गए हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि परियोजना का काम किसी अन्य एजेंसी को हस्तांतरित नहीं किया जाएगा और पूरी जवाबदेही अनुबंधित एजेंसी की होगी।

शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दृष्टि से इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।