बिलासपुर… बिलासपुर में एक ही रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सामने आई घटनाओं ने यह साफ कर दिया कि नशा और धारदार हथियारों के साथ खुलेआम बदमाशी करने वालों पर पुलिस ने अब सीधा और सख्त रुख अपना लिया है। सरकंडा में जहां शराब के पैसों को लेकर नवधा रामायण से लौटे युवक पर चाकू से जानलेवा हमला हुआ, वहीं सकरी थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर चाकू लेकर घूम रहा युवक पुलिस की घेराबंदी में धराया।

रामायण से लौटते ही, पीठ में घोंपा चाकू

सरकंडा थाना क्षेत्र के नवधा रामायण चौक के पास 18 जनवरी की रात करीब 2 सनसनी फैल गई जब शुभम साहू नामक युवक से शराब पीने के लिए 1000 रुपये की मांग की गई। पैसा देने से इनकार करने पर कोमल देवांगन उर्फ करन और तुलेश्वर दिवाकर उर्फ गोलू ने पहले गाली-गलौच की, फिर मारपीट करते हुए पीछे से धारदार चाकू घोंप दिया।

घटना के वक्त शुभम रामायण कथा देखकर लौट रहा था। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो शुभम की पीठ में चाकू धंसा हुआ था। घायल को तत्काल थाना ले जाया गया, जहां से पुलिस ने उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया।

 त्वरित एक्शन, दो आरोपी दबोचे

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार और सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। डॉक्टर की मौजूदगी में शुभम की पीठ से घटना में प्रयुक्त चाकू निकलवाकर जप्त किया गया। दोनों आरोपियों को आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 हथियारबंद युवक धराया

इसी रात सकरी थाना क्षेत्र में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल में धारदार चाकू लेकर संदिग्ध हालत में सकरी से कोटा की ओर जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने परसदा मेला ग्राउंड के सामने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार अनिल सूर्यवंशी  को रोका।

जांच में आरोपी शराब के नशे में पाया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

हथियार और नशा बर्दाश्त नहीं

लगातार सामने आई इन दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने साफ किया है कि थाना क्षेत्रों में अशांति फैलाने, नशे में हथियार लेकर घूमने और आम नागरिकों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।