बिलासपुर… रतनपुर थाना क्षेत्र के नगपुरा गांव में आयोजित तीन दिवसीय बेलतरा महोत्सव के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब युवकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते लात-घूंसे और बेल्ट से मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सांस्कृतिक मंच, लेकिन नियंत्रण शून्य

महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे, रंगारंग कार्यक्रम चल रहे थे, लेकिन भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन के ठोस इंतजाम मौके पर नजर नहीं आए। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक सरेआम एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं और कोई भी उन्हें रोकने के लिए आगे नहीं आया। यह स्थिति आयोजन समिति की तैयारियों और ज़िम्मेदारी पर सवाल खड़े करती है।

मारपीट होती रही, लोग वीडियो बनाते रहे

वीडियो में आधा दर्जन युवक एक युवक को घेरकर बेल्ट से पीटते दिखाई दे रहे हैं। आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करने के बजाय मोबाइल कैमरे निकालकर रिकॉर्डिंग करते नजर आते हैं। यह दृश्य बताता है कि स्थिति कितनी देर तक अनियंत्रित रही और मौके पर हस्तक्षेप की व्यवस्था कितनी कमजोर थी।

रतनपुर पुलिस का पक्ष

रतनपुर पुलिस के अनुसार यह विवाद नाबालिग लड़कों के बीच मामूली बात से शुरू हुआ—एक लड़के का पैर दूसरे पर पड़ जाने को लेकर कहासुनी हुई, जो झगड़े में बदल गई। दोनों पक्षों के नाबालिग होने के चलते उन्हें समझाइश देकर छोड़ा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

आयोजन पर उठे सवाल

हालांकि मामला पुलिस स्तर पर सुलझा लिया गया, लेकिन यह घटना यह सोचने पर मजबूर करती है कि इतने बड़े सार्वजनिक आयोजन में सुरक्षा, निगरानी और आपात हस्तक्षेप की व्यवस्था क्यों नज़र नहीं आई? यदि समय रहते नियंत्रण होता, तो महोत्सव की छवि और माहौल दोनों सुरक्षित रह सकते थे।

सफल और सबसे कम बजट का मे आयोजन.. विधायक

स्थानी विधायक सुशांत शुक्ला ने बताया कि मेला का आयोजन बहुत सफल रहा इस दौरान हम स्थानीय लोगों को अपनी संस्कृति और संस्कार से जोड़ने का प्रयास किया है ।सबसे बड़ी बात की अब तक का यह सबसे कम बजट का मेला था। खुशी है कि जनता ने इसे सराहा । कुछ नाबालिक बच्चे तैश में आकर आपस में झगडा किए हैं।लेकिन उन्हें समझा दिया गया है। पुलिस ने बेहतर सहयोग दिया। प्रदेश स्तर पर आयोजन की जमकर तारीफ हो रही है।

फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह घटना महोत्सव के किस दिन और किस समय की है। आयोजकों और संबंधित अधिकारियों की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।