बिलासपुर…नशे की तलब ऐसी कि सूने मकान को निशाना बनाया, पत्थर से ताला तोड़ा और सोने-चांदी के जेवर से लेकर कैमरा, हेयर ड्रायर और नकदी तक समेट ले गया। करीब 70 हजार रुपये के सामान की चोरी करने वाला आरोपी आखिरकार पुलिस की सरप्राइज चेकिंग में पकड़ा गया। उसके कब्जे से चोरी का पूरा माल बरामद होने का दावा किया गया है। आरोपी की पहचान आशीष निर्मलकर उर्फ बेंदो उर्फ विक्की के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 उठाया फायदा, बंद मकान को बनाया निशाना

पुलिस के मुताबिक, बालाजी पुरम कॉलोनी निवासी प्रशांत वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके छोटे भाई विकास वर्मा काम के सिलसिले में पुणे गए हुए हैं। इसी दौरान उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोने-चांदी के जेवरात, कैमरा, हेयर ड्रायर और नकदी चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई। शिकायत पर अपराध के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सरप्राइज चेकिंग, सामान के साथ पकड़ाया

क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ और सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस सरप्राइज चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रपटा चौक पर सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान के साथ एक संदिग्ध युवक मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम आशीष निर्मलकर बताया। पुलिस ने उससे बरामद सामान के संबंध में पूछताछ की तो चोरी की घटना का खुलासा हुआ।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे नशे की लत है और घटना वाली रात नशा करने की तीव्र तलब उठने पर उसने बालाजी पुरम कॉलोनी के बंद मकान को निशाना बनाया। उसने पत्थर से ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और वहां से कीमती सामान चोरी कर लिया।

 सामान की पहचान, पूरा सामन बरामद

पुलिस ने बरामद सामान की पहचान पुणे में मौजूद मकान मालिक विकास वर्मा से वीडियो कॉल के जरिए कराई। विकास वर्मा ने सामान को अपने घर से चोरी हुआ बताया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर सोने-चांदी के जेवरात, कैमरा, हेयर ड्रायर और नकदी समेत करीब 70 हजार रुपये का पूरा सामान जब्त किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने आरोपी आशीष निर्मलकर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।