बिलासपुर….हिर्री थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। एक ओर अड्डेबाजी, नशाखोरी और अशांति फैलाने की आशंका वाले स्थानों पर जांच के दौरान दो लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, वहीं ग्राम सकर्रा में पड़ोसी महिला का रास्ता रोककर कथित छेड़छाड़ और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने शिकायत के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई वाले दोनों व्यक्तियों को कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, जबकि महिला से संबंधित मामले के आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

रास्ता रोककर छेड़छाड़..आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, ग्राम सकर्रा में 20 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे पानी की टंकी के पास एक महिला ने अपने पड़ोसी शिवम कौशिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि उसने महिला का रास्ता रोककर बेइज्जत करने की नीयत से उसके साथ मारपीट की और छेड़छाड़ की। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 74, 115(2) और 351(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने तलाश कर शिवम कौशिक को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे 20 अक्टूबर की शाम करीब 8 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अड्डेबाजी वाले स्थानों पर जांच

दूसरी कार्रवाई में हिर्री पुलिस ने थाना क्षेत्र के खरकेना, मेड़पार-बाजार, धौराभाठा और अन्य चिह्नित स्थानों पर लगातार जांच की। पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान उदय राम साहू, निवासी खरकेना, और अश्वनी कुमार कर्माकर, निवासी मेड़पार-बाजार, के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। दोनों को समझाइश देने के बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया।

महिला से संबंधित मामले में कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के निर्देशों के तहत की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी दामोदर प्रसाद मिश्रा, उपनिरीक्षक उषा निषाद, सहायक उपनिरीक्षक दिवाकर सिंह और आरक्षक जितेंद्र कुमार जगत की भूमिका रही।