दिल्ली। दिल्ली के सरकारी अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट के तौर पर करियर बनाने की इच्छा रखने वाले मेडिकल प्रोफेशनल्स के लिए एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। डॉक्टर हेडगेवार आरोग्य संस्थान (DHAS), दिल्ली ने सीनियर रेजिडेंट के 16 खाली पदों को एड-हॉक बेसिस पर भरने के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। यदि आप इस पद के लिए जरूरी योग्यता रखते हैं, तो यह मौका आपके हाथ से निकल न जाए, क्योंकि इसके लिए चयन की प्रक्रिया बेहद करीब है और साक्षात्कार की तिथि निर्धारित कर दी गई है।

संस्थान द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, कुल 16 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें विभिन्न विभागों को कवर किया गया है। इसमें एनेस्थीसिया के 5 पद, रेडियोलॉजी के 4, नेत्र विज्ञान (Ophthalmology) के 2, बाल चिकित्सा (Pediatrics) के 2 और प्रसूति एवं स्त्री रोग (OBG), मेडिसिन व त्वचा विज्ञान (Dermatology) के 1-1 पद शामिल हैं। इस भर्ती की सबसे आकर्षक बात इसकी सैलरी है। चयनित उम्मीदवारों को 7वें केंद्रीय वेतन आयोग (CPC) के लेवल 11 के तहत 67,700 रुपये से लेकर 2,08,700 रुपये प्रति माह तक का वेतन मिलेगा। इसके अलावा, नियमानुसार अन्य सरकारी भत्ते और लाभ भी देय होंगे।

शैक्षिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से संबंधित विषय में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री, डिप्लोमा या डीएनबी के साथ एमबीबीएस की डिग्री होनी अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी का दिल्ली मेडिकल काउंसिल (DMC) के साथ वैध पंजीकरण होना चाहिए। इसके अलावा, आवेदक ने किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान में 3 साल की सीनियर रेजिडेंसी पूरी की हो। आयु सीमा की बात करें तो अधिकतम 45 वर्ष तक के उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र हैं, हालांकि आरक्षित श्रेणी के आवेदकों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों का चयन सीधे वॉक-इन-इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा। इंटरव्यू का आयोजन 3 अगस्त को डॉक्टर हेडगेवार आरोग्य संस्थान की एस्टेब्लिशमेंट ब्रांच में होगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि साक्षात्कार के दिन ही उम्मीदवारों को अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा, जिसका समय सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तय किया गया है। रजिस्ट्रेशन के तुरंत बाद दस्तावेजों की जांच और इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपने सभी मूल दस्तावेजों और उनकी फोटोकॉपी के साथ समय पर केंद्र पर पहुंचें।

यह नियुक्तियां शुरुआती तौर पर 44 दिनों के लिए की जा रही हैं, लेकिन संस्थान की आवश्यकता और उम्मीदवार के प्रदर्शन के आधार पर इसे अधिकतम तीन साल तक बढ़ाया जा सकता है। दिल्ली में सरकारी नौकरी और शानदार वेतन के साथ अनुभव प्राप्त करने का यह एक शानदार अवसर है।