मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर..पति से कथित फोन बातचीत को लेकर उपजे शक ने जनकपुर थाना क्षेत्र में ऐसा बवाल खड़ा कर दिया, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया। एक महिला ने बीच सड़क एक नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ मारपीट कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना मंगलवार, 6 जनवरी की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महिला को संदेह था कि छात्रा उसके पति से लगातार मोबाइल पर बातचीत कर रही है। इसी शक के चलते वह छात्रा को समझाने के इरादे से जनकपुर इलाके में पहुंची थी, लेकिन बातचीत कुछ ही देर में विवाद और फिर हिंसा में बदल गई।

सरेआम हुई झूमाझटकी में दोनों एक-दूसरे के बाल खींचते और नाखूनों से हमला करते नजर आए। मारपीट के दौरान छात्रा के चेहरे पर नाखूनों के गहरे निशान पड़ गए। घटना सार्वजनिक स्थान पर होने से वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।

सूचना मिलते ही जनकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस महिला को थाने ले गई, जबकि छात्रा तब तक वहां से जा चुकी थी। थाना प्रभारी ओमप्रकाश दुबे के अनुसार, पुलिस को जब सूचना मिली तब छात्रा मौके पर मौजूद नहीं थी।

पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने अपने पति के मोबाइल फोन में छात्रा से हुई बातचीत के कॉल रिकॉर्ड देखे थे, जिससे वह नाराज थी। महिला का दावा है कि वह पहले भी छात्रा को अपने पति से बात न करने की समझाइश दे चुकी थी, लेकिन उसी दौरान विवाद बढ़ गया।

महत्वपूर्ण बात यह है कि महिला ने इस मामले में किसी भी तरह की लिखित शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।