बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस ने इंद्रावती नदी के आसपास के घने जंगलों में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए एक माओवादी डंप से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

बरामद किए गए सोने की अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 29 लाख रुपए बताई जा रही है।

इन सोने के बिस्किट और नकदी को एक स्टील के डिब्बे में पैक करके जमीन के भीतर दफनाया गया था।मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रावती नदी के आसपास के जंगलों में माओवादियों द्वारा डंप छिपाए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया

इस सर्च ऑपरेशन में डीआरजी थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीमों को लगाया गया था।

संयुक्त टीम ने थाना भैरमगढ़ से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी के समीप चिन्हित स्थान पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और सर्चिंग की कार्रवाई करते हुए जमीन के अंदर दबाकर रखे गए एक संदेहास्पद स्टील के डिब्बे को ढूंढ निकाला।

जब सुरक्षाबलों ने उस स्टील के डिब्बे को खोलकर तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए। कुल 33 सोने के बिस्किट बरामद हुए। प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला था, जिसके हिसाब से कुल वजन 330 तोला 3.84 किलोग्राम हुआ। इसकी बाजार में अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपए बताई जा रही है। टेप से लिपटे एक अन्य पैकेट में 500-500 रुपये के भारतीय नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद मिले।

पुलिस ने बरामद किए गए सोने और नकदी को अपने कब्जे में लेकर थाना भैरमगढ़ आगे की कार्रवाई में जुट गई।

12 किलो से ज्यादा सोना और 8 करोड़ कैश जब्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, सुरक्षा बलों की लगातार और आक्रामक कार्रवाई के चलते बीजापुर जिले के अलग-अलग इलाकों से लगातार माओवादी डंप बरामद किए जा रहे हैं। अब तक के अभियानों में कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।