बिलासपुर। सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी देने में देरी होने मात्र से पंचायत सचिवों पर जुर्माना नहीं लगाया जा सकता। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने चार अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए राज्य सूचना आयोग के दंडात्मक आदेशों को निरस्त कर दिया है।

अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी लोक सूचना अधिकारी पर शास्ति लगाने से पहले उसे अलग से कारण बताओ नोटिस जारी करना और अपना पक्ष रखने का प्रभावी अवसर देना जरूरी है।

साथ ही, आयोग को यह भी स्पष्ट करना होगा कि सूचना देने में देरी जानबूझकर या दुर्भावनापूर्ण तरीके से की गई थी या नहीं।

बिना उचित प्रक्रिया के दंड लगाने पर सवाल

चारों याचिकाएं अलग-अलग ग्राम पंचायतों के सचिवों ने राज्य सूचना आयोग के आदेशों के खिलाफ दायर की थीं। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि सूचना देने में हुई देरी के पीछे की परिस्थितियों और वास्तविक कारणों से आयोग को अवगत कराया गया था, लेकिन उनके स्पष्टीकरण पर समुचित विचार किए बिना जुर्माना और वसूली के आदेश जारी कर दिए गए।

जस्टिस एके प्रसाद की सिंगल बेंच ने मामलों की सुनवाई के दौरान सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत दंड लगाने की प्रक्रिया और उसकी अनिवार्य शर्तों पर विचार किया।

अदालत ने पाया कि संबंधित मामलों में वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए बिना दंडात्मक आदेश पारित किए गए थे। इसके बाद हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं के संबंध में आयोग के आदेश निरस्त कर दिए।

चार मामलों में हाई कोर्ट ने क्या कहा?

पहला मामला: ग्राम पंचायत भुईगांव, जनपद पंचायत पामगढ़ के सचिव राजकुमार सुनहरे ने राज्य सूचना आयोग के 3 सितंबर 2024 के आदेश को चुनौती दी थी। यह मामला रायगढ़ से संबंधित द्वितीय अपील से जुड़ा था। याचिकाकर्ता ने बताया कि कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान कार्यालयों का सामान्य कामकाज प्रभावित था और सूचना देने में हुई देरी के संबंध में स्पष्टीकरण भी दिया गया था। हाई कोर्ट ने अलग से कारण बताओ नोटिस जारी किए बिना और देरी को दुर्भावनापूर्ण मानने का ठोस निष्कर्ष दर्ज किए बिना लगाए गए दंड को निरस्त कर दिया।

दूसरा मामला: ग्राम मेहंदी, तहसील पामगढ़ के ईश्वरी लाल बरमन ने भी 3 सितंबर 2024 के आयोग के आदेश को चुनौती दी थी। उनके मामले में सूचना का आवेदन लॉकडाउन अवधि के दौरान प्राप्त हुआ था। हाई कोर्ट ने अलग नोटिस और सुनवाई का उचित अवसर दिए बिना जुर्माना लगाने की प्रक्रिया को सही नहीं माना। हालांकि, अदालत ने आयोग को कानून के अनुरूप प्रक्रिया अपनाकर मामले पर नए सिरे से विचार करने की स्वतंत्रता दी।

तीसरा मामला: ग्राम पंचायत नवागांव, ब्लॉक बम्हनीडीह के सचिव सुरित राम कारश ने राज्य सूचना आयोग के 2 जून 2023 के आदेश को चुनौती दी थी। उनके जवाब के अनुसार, मांगी गई उपलब्ध जानकारी 26 मई 2023 तक भेजी जा चुकी थी। हाई कोर्ट ने उचित कारणों की पड़ताल और अनिवार्य कारण बताओ नोटिस की प्रक्रिया के बिना लगाए गए दंड को निरस्त कर दिया।

चौथा मामला: ग्राम पंचायत आवरी-खुर्द, ब्लॉक बलौदा के सचिव जितेंद्र सिंह कश्यप के मामले में याचिकाकर्ता का कहना था कि मांगी गई जानकारी पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी थी। इसके बावजूद राज्य सूचना आयोग ने शास्ति और वसूली के निर्देश जारी कर दिए थे। हाई कोर्ट ने वैधानिक सुनवाई का अवसर दिए बिना पारित दंड और वसूली के आदेशों को निरस्त कर दिया।

हाई कोर्ट के इन फैसलों से स्पष्ट है कि RTI अधिनियम के तहत सूचना देने में देरी के मामले में दंडात्मक कार्रवाई करते समय राज्य सूचना आयोग को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा। केवल देरी के आधार पर जुर्माना लगाना पर्याप्त नहीं है। संबंधित लोक सूचना अधिकारी को अपना पक्ष रखने का अवसर देना और दंड के लिए आवश्यक वैधानिक आधारों पर स्पष्ट निष्कर्ष दर्ज करना जरूरी है।