बिलासपुर..शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले आईटीआई कोनी परिसर में नए साल के जश्न ने गंभीर विवाद का रूप ले लिया है। छात्रों और एनएसयूआई ने आरोप लगाया है कि 2 जनवरी को संस्थान में पढ़ाई पूरी तरह ठप कर शिक्षकों और कर्मचारियों ने न्यू ईयर पार्टी मनाई, जिससे छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया।

छात्रों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के कक्षाएं बंद कर दी गईं और कैंपस में तेज आवाज़ में अश्लील गानों पर डांस किया गया। आरोप है कि इस दौरान कई शिक्षक और कर्मचारी नशे की हालत में झूमते नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम से हॉस्टल और कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे छात्रों की तैयारी बुरी तरह प्रभावित हुई।

छात्रों ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि संस्थान का सिलेबस पहले से ही अधूरा है। ऐसे में पढ़ाई के समय इस तरह का जश्न मनाना न सिर्फ गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि छात्रों के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ भी है।

मामले को और गंभीर बनाते हुए कुछ छात्रों ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने इस अव्यवस्था का विरोध किया, तो उन्हें नंबर काटने और उपस्थिति प्रभावित करने की धमकी दी गई। इसी डर के चलते कई छात्र खुलकर सामने आने से बच रहे हैं।

इस पूरे मामले को लेकर एनएसयूआई और छात्रों ने प्राचार्य को लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। छात्रों की मांग है कि दोषी शिक्षकों और कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और भविष्य में संस्थान परिसर में इस तरह के गैर-शैक्षणिक कार्यक्रमों पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।

एनएसयूआई ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्र संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संस्थान प्रबंधन की होगी।