CG News/बिलासपुर।सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की बिलाईगढ़ नगर पंचायत के अध्यक्ष पद को लेकर छिड़ी कानूनी खींचतान में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने अंतरिम आदेश दिया है। चीफ जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने अपील को विस्तृत सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया करते हुए निर्देश दिया कि बिलाईगढ़ नगर परिषद के अध्यक्ष पद को लेकर मौजूदा यथास्थिति अगली सुनवाई की तारीख तक बनाए रखी जाए।

अपीलकर्ता की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता ने आशंका जताई थी कि अध्यक्ष पद के उपचुनाव की अधिसूचना किसी भी क्षण जारी हो सकती है, जिसके बाद अदालत ने न्याय के हित में अंतरिम व्यवस्था करते हुए मामला 17 दिसंबर 2026 को पेश करने का निर्देश दिया।

यह मामला 68 वर्षीय दामोदर प्रसाद दुबे द्वारा दायर अपील से जुड़ा है। याचिकाकर्ता ने छत्तीसगढ़ राज्य, शहरी प्रशासन एवं विकास विभाग, निदेशालय, कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़, एसडीएम राजस्व बिलागढ़, नगर पंचायत बिलाईगढ़ और भाजपा मंडल अध्यक्ष राधा राकेश को प्रमुख पक्षकार बनाया गया है।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव श्रीवास्तव व अधिवक्ता संदीप दुबे, राज्य की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास, नगर पंचायत की ओर से अधिवक्ता धर्मेश श्रीवास्तव व अभिप्रीत बाजपेयी तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज परंजपे व अधिवक्ता सुनील साहू ने पक्ष रखा।

सुनवाई के दौरान यह मुद्दा सामने आया कि छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 41-ए के तहत की गई कार्यवाही में क्या राज्य सरकार यह निश्चित राय देने के लिए सक्षम है कि अधिनियम की धारा 339-ए, 339-बी और 339-सी तथा छत्तीसगढ़ भूमि राजस्व संहिता, 1959 की धारा 172 का उल्लंघन हुआ है।

अपीलकर्ता के वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव श्रीवास्तव ने दलील दी कि दामोदर प्रसाद दुबे न तो उपनिवेशक हैं और न ही उन्होंने किसी कॉलोनी के विकास के लिए उप-प्लॉटों में भूमि बेची। सीनियर एडवोकेट ने अधिनियम की धारा 3(5-डी) और 3(5-ई) का हवाला देते हुए कहा कि प्लॉट वर्ष 2013 से 2025 के बीच बेचे गए थे और कॉलोनी की स्थापना के लिए कोई विकासात्मक कार्य नहीं किया गया।

उनके मुताबिक नए भूखंड बनाए जरूर गए, लेकिन पानी, बिजली या सीवेज निपटान जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, साथ ही सक्षम प्राधिकारी द्वारा इस संबंध में कोई निर्णय नहीं दिया गया और अधिनियम की धारा 313(2) के तहत अभी तक कोई अभियोजन भी शुरू नहीं हुआ।

राज्य सरकार की ओर से पैरवी करते हुए अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने कहा कि कारण बताओ नोटिस के जवाब में अपीलकर्ता ने स्वयं 59 उप-प्लॉट बनाकर पार्सल में भूमि बेचने की बात स्वीकार की है, जिससे यह नहीं कहा जा सकता कि जमीन कृषि प्रयोजनों के लिए बेची गई।

उन्होंने याचिका के साथ संलग्न तस्वीरों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन पर आवासीय मकान बने हैं, जो दर्शाता है कि प्लॉट कॉलोनी विकास के उद्देश्य से बेचे गए। राजस्व अधिकारियों की जांच रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा गया कि अपीलकर्ता ने व्यक्तिगत रूप से तथा अपनी पत्नी के पावर ऑफ अटॉर्नी धारक के रूप में अलग-अलग व्यक्तियों को 59 उप-प्लॉट बेचे। नगर पंचायत के अधिवक्ता ने भी राज्य के तर्कों का समर्थन किया।

राज्य सरकार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज परंजपे ने दलील दी कि हटाने के संबंध में सरकार की संतुष्टि को रिट याचिका में चुनौती नहीं दी जा सकती और अनुच्छेद 226 के तहत केवल निर्णय लेने की प्रक्रिया की समीक्षा संभव है।

उन्होंने आंध्र प्रदेश इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट कॉर्पोरेशन बनाम तहसीलदार एवं अन्य (2025 एससीसी ऑनलाइन एससी 447) के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि अंतर-न्यायालय अपील में एकल न्यायाधीश के तर्कसंगत दृष्टिकोण में हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। उनके अनुसार रिकॉर्ड से स्पष्ट है कि 59 उप-प्लॉट बेचे गए, अध्यक्ष पद संभालने के बाद भी जमीन के टुकड़े बेचे गए और धारा 41-ए की कार्यवाही शुरू होने तक कॉलोनी का स्वरूप बन चुका था।

दलीलों पर विचार करते हुए डिवीजन बेंच ने माना कि मामले में विस्तृत सुनवाई आवश्यक है। कोर्ट ने पक्षकारों से 14 दिसंबर 2026 तक लिखित दलीलें देने को कहा और 17 दिसंबर 2026 तक यथास्थिति बरकरार रखने का आदेश दिया।