बिलासपुर…अवैध शराब के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने जिले में एक साथ बड़ा अभियान चलाते हुए चकरभाठा और रतनपुर थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश दी। अलग-अलग स्थानों पर हुई कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 38 लीटर महुआ शराब और 39 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने दो टूक कहा कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार और तेज होगा, किसी भी अवैध कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में बिलासपुर पुलिस शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक अवैध शराब के कारोबार पर लगातार प्रहार कर रही है। मुखबिर तंत्र और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीमों ने एक ही दिन दो थाना क्षेत्रों में दबिश देकर कार्रवाई की और अवैध शराब के कारोबार में लिप्त तीन आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

चकरभाठा थाना पुलिस ने ग्राम पिरैया और चकरभाठा बस्ती में छापेमारी कर श्याम उर्फ भोला जांगड़े और केदार साहू को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान श्याम के कब्जे से करीब 28 लीटर महुआ शराब तथा केदार के पास से 39 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। दोनों आरोपियों के पास शराब रखने या बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

इधर, रतनपुर पुलिस ने ग्राम अंधियारीपारा में दबिश देकर मेलू सिंह मरावी को 10 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। जब्त शराब कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या डायल-112 पर दें, ताकि नशे के इस अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।