नई दिल्ली…दिल्ली के बवाना इलाके में मामूली झगड़े ने दो लोगों की जान ले ली। पहले एक युवक ने 27 वर्षीय सचिन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद सचिन के भाई नरेश ने कथित तौर पर हमलावर सोनू उर्फ प्रदीप को पकड़कर मार डाला। रविवार को सामने आए इस दोहरे हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने दूसरी हत्या के मामले में नरेश को पकड़ लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर की आधी रात के आसपास बवाना थाने को एक युवक को गोली लगने की सूचना मिली। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची तो पूठ खुर्द गांव निवासी सचिन की मौत हो चुकी थी। जांच के दौरान पुलिस को परिवार की गोशाला में खून के निशान और तीन खाली कारतूस मिले।

मौके से करीब 100 मीटर दूर दूसरी गली में एक और शव मिला। उसकी पहचान पूठ खुर्द निवासी सोनू उर्फ प्रदीप के रूप में हुई। शुरुआती जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को पता चला कि सोनू ने कथित तौर पर झगड़े के बाद सचिन को गोली मारी थी। इसके बाद सचिन के भाई नरेश ने सोनू को पकड़कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने नरेश को दूसरी हत्या के सिलसिले में हिरासत में लिया है। शुरुआती विवाद किस बात पर हुआ और वारदात के पीछे क्या वजह थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस दोनों हत्याओं से जुड़े घटनाक्रम और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।