LIVE UPDATE
Chhattisgarh

फेयरवेल की मस्ती या मौत का न्योता? सड़क पर छात्रों का खतरनाक खेल

हूटर, रफ्तार और स्टंट—युवाओं का जश्न बना कानून के लिए चुनौती

सूरजपुर( पृथ्वी लाल केशरी)…फेयरवेल पार्टी का जश्न जब कानून की सीमाएं लांघ दे, तो वह खुशी नहीं बल्कि खतरा बन जाता है। सूरजपुर जिले में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां छात्रों ने फेयरवेल के बाद सड़कों को स्टंट का मैदान बना दिया। खुलेआम ट्रैफिक नियमों की अनदेखी, तेज रफ्तार कारें, हूटर और चलती गाड़ियों से बाहर लटकते छात्र—इस पूरे घटनाक्रम ने राहगीरों और वाहन चालकों को दहशत में डाल दिया।

बताया जा रहा है कि एक निजी स्कूल में आयोजित फेयरवेल पार्टी के बाद छात्रों ने “टशन” दिखाने के नाम पर सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक करतब शुरू कर दिए। किसी ने कार की खिड़की से बाहर निकलकर वीडियो बनाया, तो कोई छत पर खड़ा होकर नारेबाजी करता दिखा। सुरक्षा का नामोनिशान तक नहीं था।

हूटर और तेज रफ्तार का खौफ

वायरल वीडियो में साफ नजर आता है कि कई कारें काफिले के रूप में तेज गति से चल रही हैं। गाड़ियों में हूटर बजाए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों को न सिर्फ असुविधा हुई, बल्कि किसी बड़े हादसे का खतरा भी बना रहा। यह लापरवाही सिर्फ स्टंट करने वालों के लिए नहीं, बल्कि सड़क पर मौजूद हर व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में

इस पूरी स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही पुलिस तक पहुंच गया। वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच कारों की पहचान कर उन्हें जब्त कर लिया। मामले में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वाहनों में हूटर किस नियम के तहत लगाए गए थे।

पुलिस का सख़्त संदेश

पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जश्न मनाने की आज़ादी है, लेकिन कानून तोड़ने की नहीं। इस तरह की लापरवाही न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी हो सकती है। आगे भी ऐसी घटनाओं पर सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close