LIVE UPDATE
Chhattisgarh

अलबेलापारा व घड़ी चौक का किया जाएगा सौंदर्यीकरण

उत्तर बस्तर कांकेर/ जिला मुख्यालय कांकेर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का विधायक आशाराम नेताम और कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने जिला पंचायत सीईओ  हरेश मंडावी और नगर पालिका अध्यक्ष  अरूण कौशिक के साथ औचक निरीक्षण कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कांकेर के अलबेलापारा तालाब का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिसके तहत तालाब में रिटर्निंग वॉल, स्लोप रिपेयरिंग, पाथवे, रेलिंग, टोवॉल सहित सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा।

इस संबंध में उनके द्वारा संबंधित ठेकेदार को सभी कार्यों को तेजी से करने के लिए निर्देशित किया गया। तालाब मेड़ के नीचे से 300 मीटर सड़क निर्माण करने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी कलेक्टर द्वारा अधिकारियों को दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान संबंधित वार्ड पार्षद श्रीमती उगेश्वरी उईके भी मौजूद थीं।

विधायक श्री नेताम एवं कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने घड़ी चौक का भी निरीक्षण किया, यहां पर सौंदर्यीकरण के साथ चौपाटी भी बनाया जाएगा, इसके लिए बाजू में स्थित जर्जर भवन को तोड़ने के निर्देश दिए गए। घड़ी चौक निरीक्षण के पश्चात उनके द्वारा मुख्य मार्ग से पंडरीपानी तक सड़क निर्माण कार्य का भी जायजा लिया गया और सड़क किनारे पाईप लाईन बिछाने का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के लिए पीएचई विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया।

उन्होंने अन्नपूर्णापारा में दूधनदी पर पुल बनाने के लिए स्थल का भी निरीक्षण किया तथा पुल निर्माण के लिए स्टीमेट बनाने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

इस पुल के निर्माण हो जाने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, आवागमन अन्नपूर्णापारा से होते हुए जिला पंचायत की ओर से होगा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मत्स्य पालन विभाग के कार्यालय भवन के पीछे स्थित मैदान का भी अवलोकन किया।

तत्पश्चात मस्जिद चौक में दूध नदी पर निर्मित रिटर्निंग वॉल का भी अवलोकन किया। इस रिटर्निंग वॉल के किनारे से होते हुए भंडारीपारा-मनकेशरी नेशनल हाईवे बाईपास तक सड़क बनाने के लिए प्रस्ताव बनाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को दिए गए।

विधायक श्री नेताम और कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने अधिकारियों के साथ जिला अस्पताल परिसर एवं नवनिर्मित ट्रामा यूनिट का भी निरीक्षण किया एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अस्पताल अधीक्षक को दिए गए।

ट्रामा यूनिट में आंतरिक वायरिंग करने और ट्रामा यूनिट के पीछे परिसर में शेड बनाने तथा चिकित्सालय में सभी ओपीडी को एक साथ करने और दवाई वितरण के लिए पृथक से कक्ष तैयार करने कहा गया, ताकि मरीजों को आसानी हो सके। उनके द्वारा इंडोर स्टेडियम के अलावा साप्ताहिक बाजार में निर्माणाधीन डोम का भी निरीक्षण किया गया।

शहीद रामकुमार यादव कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में चारामा, कांकेर और नरहरपुर विकासखण्ड के 150 विद्यार्थियों को दी जा रही नीट परीक्षा के लिए निःशुल्क कोचिंग का अवलोकन किया और बच्चों से बातचीत कर अच्छी तैयारी करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

निरीक्षण के दौरान नगरपालिका उपाध्यक्ष उत्तम यादव सहित लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल, जिला निर्माण समिति संबंधित अधिकारी और नगरपालिका अधिकारी कांकेर मौजूद रहे।

Back to top button