Durg News-छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने घर में डीजल डालकर आग लगाने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 30 अप्रैल को सुपेला थाना क्षेत्र में हुई थी, जिसमें एक युवक अनीष यादव ने अपने साथी अपचारी बालकों के साथ मिलकर बदला लेने की नीयत से घर जलाने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, इस घटना की जड़ एक पुराने विवाद से जुड़ी है। संजू तिवारी के भाई और दोस्तों द्वारा राहुल सिंह पर चाकू से हमला किया गया था, जिसके चलते वह अस्पताल में भर्ती है। इसी घटना से नाराज होकर अनीष यादव ने अपने 8-10 साथियों के साथ तिवारी के घर पर हमला किया।

आरोपियों ने घर पर डीजल फेंक कर आग लगाने की कोशिश की और चाकू लहराते हुए धमकी दी कि उन्हें “बजरंगी भाई” ने जलाकर मारने भेजा है।

घटना के समय पीड़ित परिवार ने शोर मचाया, जिससे मोहल्ले के लोग जाग गए और हमलावर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों और आठ नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चाकू और डीजल से भरा जरकिन भी जब्त किया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष वाजपेयी, उपनिरीक्षक दीपक चौहान, सहायक उपनिरीक्षक मोतीराम खुर्से, आरक्षक सुर्या और एंटी क्राइम टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।