रायपुर। छत्तीसगढ़ में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान यदि किसी पुराने मतदाता का नाम प्रारूप मतदाता सूची में छूट गया है, तो उन्हें परेशान होने की कोई आवश्यकता नहीं है।

भारत निर्वाचन आयोग ने यह स्पष्ट किया है कि जिन नागरिकों का नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन हाल ही में जारी प्रारूप सूची में प्रदर्शित नहीं हो रहा है, वे भी अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं।

आयोग ने यह भी आश्वासन दिया है कि, पूर्व मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की स्थिति में दोबारा फॉर्म-6 भरने पर नागरिकों के खिलाफ किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।

फॉर्म-6 का उपयोग पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों द्वारा किया जाता है। ऐसे में कई पुराने मतदाताओं में यह भ्रम और डर था कि दोबारा फॉर्म भरने पर इसे गलत घोषणा मानकर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 31 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

पूर्व में पंजीकृत होने के आधार पर किसी भी आवेदक पर कार्रवाई न की जाए
भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ ने इस भ्रम को दूर करते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।

सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को स्पष्ट कहा गया है कि, केवल पूर्व में पंजीकृत होने के आधार पर किसी भी आवेदक पर कार्रवाई न की जाए।

दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला
निर्वाचन आयोग का यह निर्णय दिल्ली उच्च न्यायालय के 14 अक्टूबर 2026 के ऐतिहासिक फैसले के अनुरूप है, जिसमें अदालत ने गलत घोषणा के आधार पर कार्रवाई की आशंका को पूरी तरह खारिज किया था।

बस ध्यान रखें यह एक जरूरी शर्त
आवेदन करते समय आवेदक को केवल यह सुनिश्चित करना होगा कि उसका नाम वर्तमान में किसी अन्य विधानसभा या संसदीय क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से शामिल न हो।

निर्वाचन आयोग की अपील
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ ने राज्य के सभी नागरिकों से अपील की है कि, वे समय रहते प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि सूची में नाम नहीं मिलता है, तो तुरंत फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराएं।