बिलासपुर….सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के मैट्रिक चौक में पुरानी रंजिश को लेकर ओमप्रकाश लहरे की हत्या कर शव फदहाखार जंगल में फेंकने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर ओमप्रकाश की हत्या की और पहचान छिपाने के इरादे से शव को जंगल में ठिकाने लगा दिया।

पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच मैट्रिक चौक पर ओमप्रकाश लहरे का आरोपियों से विवाद हुआ। पुराने विवाद को लेकर सुनील निर्मलकर उर्फ टाईगर और घनंजय धुरी उर्फ आदि ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उस पर धारदार हथियार से हमला किया। गंभीर चोट लगने से ओमप्रकाश की मौत हो गई। इसके बाद शव को फदहाखार जंगल में ले जाकर फेंक दिया गया।

28 सितंबर को जांच के दौरान पुलिस और सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पूछताछ और जांच में हत्या से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद सिरगिट्टी थाने में अपराध के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) में मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम ने उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने सुनील निर्मलकर उर्फ टाईगर और घनंजय धुरी उर्फ आदि को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में सुनील निर्मलकर उर्फ टाईगर निवासी शारदा मंदिर के सामने सिरगिट्टी और घनंजय धुरी उर्फ आदि, निवासी कोरमी रोड, मैट्रिक चौक सिरगिट्टी शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।