बिलासपुर… किन्नर समाज में प्रचलित गुरु-चेला परंपरा को लेकर शुरू हुआ विवाद एक सनसनीखेज हत्या में बदल गया। सकरी थाना क्षेत्र में एक किन्नर की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी किन्नर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गुरु-चेला विवाद के चलते हत्या करना स्वीकार किया है।

गिरफ्तार आरोपी रिया उर्फ राकेश है, जो मूल रूप से मुंगेली जिले के सेमरचुवा बरेला का निवासी है और वर्तमान में जोकी ओवरब्रिज के पास रहता था।

पुलिस के अनुसार, मृतक तन्नू खान, किन्नर वर्षा जान और मीरा उर्फ आशीष आपस में गुरु-भाई थे। वर्षा जान 17 जुलाई को दिल्ली से बिलासपुर आई थी और तन्नू ने उसे पुराने बस स्टैंड स्थित एक होटल में ठहराया था। 20 जुलाई को तीनों मीरा के घर जोकी पहुंचे। रास्ते में रिया भी उनके साथ हो गया।

बताया गया कि सभी ने साथ बैठकर शराब पी और मछली खाई। इसी दौरान बातचीत के बीच तन्नू ने रिया से उसके गुरु के बारे में पूछा। किन्नर समाज की परंपरा का हवाला देते हुए उसने कथित तौर पर रिया से कहा कि वह उसे अपना गुरु बनाए और तय परंपरा के अनुसार आर्थिक योगदान दे। इस पर रिया ने साफ शब्दों में कहा कि वह न किसी का चेला है और न किसी को अपना गुरु मानता है।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। मौके पर मौजूद मीरा और वर्षा ने विवाद शांत कराने की कोशिश की। यहां तक कि तालापारा निवासी वरिष्ठ किन्नर राजा से फोन पर भी समझाइश दिलाई गई, लेकिन विवाद नहीं थमा। इसके बाद तन्नू और रिया पैदल ही तालापारा की ओर निकल गए।

जब देर रात तक दोनों वापस नहीं लौटे और तन्नू का मोबाइल भी बंद मिला, तो साथियों ने उसकी तलाश शुरू की। इस बीच पुलिस ने जांच तेज की और संदेह के आधार पर रिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि गुरु-चेला विवाद के दौरान उसने एनएच-130 स्थित दलदलिहापारा बस स्टॉप के पास तन्नू का गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल, चप्पल, चार्जर सहित अन्य सामान बरामद किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह गुरु-चेला परंपरा को लेकर उपजा विवाद था। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।