बिलासपुर… जिले के करीब एक लाख 34 हजार किसानों को शुक्रवार, 30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त मिलने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा में आयोजित किसान सम्मेलन से सुबह 10 बजे योजना की किस्त जारी करेंगे। इसके साथ ही बिलासपुर जिले के किसानों के बैंक खातों में 22 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की राशि सीधे पहुंचेगी।

किस्त जारी होने के अवसर पर जिले में पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम सरकंडा स्थित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में होगा, जहां किसान और जनप्रतिनिधि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखेंगे। इसके अलावा विकासखंड कार्यालयों, पंचायत मुख्यालयों, प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों और मंडियों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

साल में छह हजार रुपये की मदद

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना छह हजार रुपये दिए जाते हैं। यह राशि दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तों में सीधे बैंक खातों में अंतरित होती है। हालांकि, योजना की अगली किस्त पाने के लिए किसानों का ई-केवाईसी पूरा होना, बैंक खाते का आधार से जुड़ा होना और भूमि संबंधी विवरण एग्रीस्टैक पोर्टल पर दर्ज होना जरूरी है।

उप संचालक कृषि एम.आर. तिग्गा ने किसानों से योजना का लाभ लेने के लिए अपनी पात्रता और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी रखने की अपील की है। किसान पीएम किसान पोर्टल पर उपलब्ध ‘नो योर स्टेटस’ सुविधा के जरिए अपनी किस्त की स्थिति भी देख सकते हैं। किसी तरह की परेशानी होने पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।