बिलासपुर/तखतपुर…तखतपुर थाना क्षेत्र के कुसमुली गांव में पारिवारिक विवाद ने ऐसा भयावह मोड़ लिया कि एक पिता अपने ही जवान बेटे का हत्यारा बन गया। मोटरसाइकिल को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसा में बदल गई और गुस्से में पिता ने बेटे के सिर पर डंडे से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक विजेंद्र कुमार श्रीवास शराब के नशे में घर पहुंचा था। घर आते ही उसने मोटरसाइकिल को लेकर अपने पिता मोहित श्रीवास से विवाद शुरू कर दिया। बताया गया कि विजेंद्र मोटरसाइकिल अपने पास रखना चाहता था, जबकि पिता ने इसका विरोध करते हुए मोटरसाइकिल के पैसे की मांग की।

इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि विवाद के दौरान विजेंद्र ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इससे नाराज होकर पिता ने पास में रखा डंडा उठाया और बेटे के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि विजेंद्र मौके पर ही गिर पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की तथा आरोपी पिता मोहित श्रीवास को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।