बिलासपुर…शहर की सड़कों पर चलती बाइक से चाकू लहराकर राहगीरों को डराना एक युवक को भारी पड़ गया। तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान चौक के पास राह चलते लोगों को चाकू दिखाकर धमकाने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

घटना 28 अक्टूबर की है। पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि लालखदान चौक के पास एक युवक मोटरसाइकिल चलाते हुए हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

पकड़े गए युवक की पहचान लालखदान निवासी मोहम्मद हारून पिता मोहम्मद बसीर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू जब्त किया। घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।