बलरामपुर…( पृथ्वी लाल केशरी)..राष्ट्रीय राजमार्ग 343 एक बार फिर अव्यवस्थाओं और लापरवाही की वजह से हादसे का गवाह बना। आईटीआई कॉलेज अरागाही के पास यात्री बस की सामने चल रहे टेलर से टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात ठप हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रामानुजगंज-बलरामपुर मार्ग पर इन दिनों सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन निर्माण एजेंसी की ओर से सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने से घनी धूल उड़ रही थी। इसी धूल के गुबार में बस चालक को आगे चल रहा टेलर नजर नहीं आया और बस सीधे पीछे से जा टकराई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल रामानुजगंज के सौ बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। अधिकांश घायलों को हाथ-पैर और सिर में चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा सुबह करीब 10:30 बजे के आसपास हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान न तो चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही धूल नियंत्रण के उपाय किए जा रहे हैं। पहले भी इस मार्ग पर लापरवाही के चलते दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार एजेंसियों ने कोई सबक नहीं लिया।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इस हादसे के बाद सड़क निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय होगी या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा। घायलों के इलाज के साथ-साथ इस दुर्घटना की वजह बनी लापरवाही पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।