LIVE UPDATE
ChhattisgarhBilaspur

आरक्षक भर्ती : 34 हजार से अधिक अभ्यर्थी, 110 परीक्षा केंद्रों मे आजमाएंगे किस्मत.. एक-एक प्रतियोगी पर रहेगी कैमरे की सख्त नजर

बिलासपुर..छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा आगामी रविवार 27 जुलाई 2025 को राज्यभर के 31 जिलों में एक साथ आयोजित की जाएगी। परीक्षा में बिलासपुर जिले से सबसे अधिक 34,440 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिले में परीक्षा के सफल संचालन हेतु 110 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

व्यापम की अध्यक्ष रेणु जी पिल्ले ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित होगी।लेकिन अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 10:30 बजे बंद कर दिया जाएगा

सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी निगरानी

परीक्षा में नकल और अनुचित साधनों पर रोक लगाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं:।सभी परीक्षा केंद्रों पर भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) द्वारा जैमर लगाए जाएंगे।हर केंद्र में हेण्ड मेटल डिटेक्टर और फ्रिस्किंग (शारीरिक जांच) की व्यवस्था होगी।प्रत्येक केंद्र पर एक पुरुष और एक महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले रिपोर्ट करेंगे। हर कक्ष में दीवार घड़ी लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि समय पर निगरानी बनी रहे।

अभ्यर्थियों के लिए दिशा-निर्देश

अभ्यर्थियों को परीक्षा से दो घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है।धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक में आने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा और उन्हें सामान्य से पहले रिपोर्ट करना होगा।हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े पहनना अनिवार्य है।फुटवियर के रूप में केवल चप्पल की अनुमति है।कान में कोई भी आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, बेल्ट, टोपी आदि परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

अनुचित साधनों पर सख्ती

परीक्षा में किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों के उपयोग पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी तत्काल समाप्त कर दी जाएगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close