रायपुर/ छत्तीसगढ़ में अन्य राज्यों के पंजीकृत डॉक्टरों को स्थानीय पंजीयन के बिना चिकित्सा सेवा देने की प्रस्तावित व्यवस्था को लेकर उठे विवाद के बीच स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि सरकार ने यह निर्णय डॉक्टरों की कमी को देखते हुए सोच-समझकर लिया है तथा इस संबंध में चिकित्सकों से जल्द चर्चा की जाएगी।

प्रदेश में इस प्रस्ताव का डॉक्टरों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है।उनका कहना है कि इससे स्थानीय चिकित्सकों के हित प्रभावित होंगे।इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि केवल वही चिकित्सक इस व्यवस्था के पात्र होंगे जिनका दूसरे राज्यों में वैध रजिस्ट्रेशन हो और जो एनएमसी से पंजीकृत हों।

उन्होंने कहा, “जो डॉक्टर सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं, वो प्रदेश की भी चिंता करें।
स्वास्थ्य विभाग ने यह कदम सोच समझकर उठाया है. वैसे भी छत्तीसगढ़ पहला राज्य नहीं जहां यह पैटर्न लागू किया जा रहा है, देश के चार-पांच राज्यों ने भी इस पैटर्न को अपनाया है।”

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया, “प्रोफेसर के 125 पदों पर हमने रेगुलर भर्ती निकाली थी, इसमें कुल 78 आए हैं।हमारे पास रिक्तियां नहीं है।
भर्ती निकाल रहे हैं, लेकिन उसके बाद भी डॉक्टर न मिले तो हम क्या करें।” उन्होंने कहा कि सरकार चिकित्सकों की आपत्तियों पर भी विचार करेगी और इस विषय पर जल्द बातचीत की जाएगी।

इस बीच राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने रायपुर जिला अस्पताल में बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस दौरान उन्होंने कहा, “सभी बच्चों को पोलियो पीनी चाहिए. जो 5 साल के कम उम्र के बच्चे हैं. उन्हें पोलियो पिलाने के लिए अलग-अलग जिलों में स्वास्थ्य केंद्र में पोलियो का कार्यक्रम किया जा रहा है।