ऋषिकेश/ अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित जमीन घोटाले, चंदा और दानपात्र से हुई कथित चोरी के विरोध में रविवार को उत्तराखंड के ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट स्थित श्री रघुनाथ मंदिर में कांग्रेस नेताओं, रामभक्तों और स्थानीय साधु-संतों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया।

इस दौरान मंदिर प्रबंधन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र चंद रमोला ने कहा कि श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। मंदिर से जुड़ी कथित अनियमितताओं ने देशभर के श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं, इसलिए मंदिर के संचालन और वित्तीय प्रबंधन में पूर्ण पारदर्शिता होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि जमीन खरीद, चंदा और दानपात्र से जुड़ी कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो।

जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में हुई कथित चूक पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जांच केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए और छोटे कर्मचारियों को निशाना बनाकर बड़े जिम्मेदारों को बचाने का प्रयास न किया जाए।

महानगर कांग्रेस कमेटी ने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग दोहराई।

कार्यक्रम में मदन मोहन शर्मा, चंदन पंवार, बैशाख पयाल, राकेश अग्रवाल, मनोज गुसाईं, ललित मोहन मिश्र, पुष्पा मिश्रा, सरोजिनी थपलियाल, भगवान सिंह पंवार, देवेंद्र प्रजापति, राजेंद्र कोठारी, हिमांशु कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, मातृशक्ति और स्थानीय साधु-संत मौजूद रहे।